बैतूल अपडेट
Kerpani Mandir Chori : केरपानी हनुमान मंदिर में हुई चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, हजारों का माल जब्त
Kerpani Mandir Chori: Theft revealed in Kerpani Hanuman temple, three accused arrested, goods worth thousands seized




▪️ मनोहर अग्रवाल, खेड़ी सांवलीगढ़
Kerpani Mandir Chori : बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र में केरपानी स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में बीते दिनों हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मंडी में साथ में हम्माली करने वाले तीन आरोपियों ने इस चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इनमें से एक राजगढ़ जिले का है। तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास 51 हजार रुपए से ज्यादा का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस कंट्रोल रूम में इस बारे में जानकारी देते हुए एसपी सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि फरियादी नौखेलाल उर्फ सोनू पिता पंडित वासुदेव शर्मा उम्र 30 वर्ष निवासी द्वारका नगर बडोरा हाल केरपानी मंदिर (पुजारी) के द्वारा थाना हाजिर होकर रिपोर्ट की गई थी कि 20 अप्रैल 2023 की दरम्यानी रात्रि में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा केरपानी के हनुमान मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़ कर मंदिर परिसर में रखी दान पेटियों के ताले तोड़कर एवं एक दान पेटी को चोरी कर ले जाने की घटना हुई है।
इस संबंध में थाना झल्लार में धारा 457, 380 का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भैंसदेही शिवचरण बोहित के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी झल्लार के नेतृत्व में टीम गठित की जाकर मंदिर से चोरी गये माल मशरुका एवं अज्ञात आरोपियों की तलाश पतासाजी में लगाया गया था।
टीम के द्वारा लगातार तकनीकी संसाधनों एवं परंपरागत पुलिस योजनों का प्रयोग कर तलाश पतारसी के दौरान 06 मई 2023 के सुबह करीबन 8 बजे मुखबिर की सूचना पर संदेही भगवान सिंह एवं संजय धुर्वे को ताप्ती बारहलिंग जोड़ पर अभिरक्षा में लेकर हिकमतअमली से पूछताछ करने पर दोनों के द्वारा जुर्म करना स्वीकार किया।

उनका एक साथी कन्हैया काकोडिया ग्राम गढा का रहने वाला है जिसके साथ मिलकर घटना करना बताने पर आरोपियों की निशानदेही पर आरोपियों के कब्जे से नगदी 6210 रुपये एवं 01 चाँदी का मुकुट कीमती करीबन 4000 रुपये तथा चाँदी की आंखें 02 नग कीमती करीब 800 रुपये, 02 नग चाँदी की प्लेट कीमती करीब 200 रुपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बजाज सीटी 110 कीमती 40,000 रुपये जप्त की गई।
कुल मशरुका 51,210 रुपये का जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिन्हें न्यायालय पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भगवान सिंह पिता घुडीलाल देशवाली उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम खेडी कुरावर थाना कुरावर जिला राजगढ, संजय पिता फूसा धुर्वे जाति गोंड उम्र 27 वर्ष निवासी केरपानी थाना झल्लार और कन्हैया पिता चिन्दू काकोडिया जाति गोंड उम्र 48 वर्ष निवासी गढा थाना चिचोली शामिल हैं ।
एसपी श्री चौधरी ने बताया कि तीनों आरोपी बैतूल मंडी में एक साथ हम्माली करते थे। इसी दौरान उन्होंने प्लान बनाया और चोरी की घटना को अंजाम दिया। राजगढ़ जिले के आरोपी का यहीं ससुराल होने से वह यहीं रहने लगा था। चोरी के बाद वे तीनों बेफिक्र होकर हम्माली करने लगे थे।

आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक अनुराग प्रकाश, उप निरीक्षक जीपी रम्हारिया, राकेश सरियाम, आबिद अंसारी, सहायक उप निरीक्षक दिलीप टांडेकर, शैलेन्द्र वर्मा, प्रधान आरक्षक अजय वरवडे, विजेश रघुवंशी, आरक्षक हर्षवर्धन, प्रवीण, शिवराम, सोनू, राजेन्द्र धाडसे, बलराम, दीपेन्द्र, राकेश करपे, विजय चौहान, सैनिक अमित सिंग की मुख्य भूमिका रही।

