
Betul Accident News : बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में मुलताई-मासोद रोड पर बीती रात दो मोटर साइकिलों की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज चल रहा है। मृतकों में से एक मुलताई नगर पालिका का कर्मचारी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका मुलताई में पंप अटेंडर के पद पर पदस्थ कर्मचारी शंकर देशमुख ग्राम सांडिया के पंप हाउस पर ड्यूटी पर जा रहा था। इस बीच मासोद रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रहे राजू बारस्कर और सुशील वागद्रे की बाइक के साथ भिड़ंत हो गई। इस हादसे में शंकर देशमुख की मौके पर मौत हो गई। वहीं राजू बारस्कर और सुशील वागद्रे गंभीर रूप से घायल हो गए।
इन दोनों को मुलताई अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टर ने दोनों का प्राथमिक उपचार कर गंभीर हालत होने से दोनों को बैतूल जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहीं नगर पालिका कर्मचारी शंकर देशमुख को मृत घोषित कर दिया गया। इधर बैतूल में इलाज के दौरान दूसरे घायल राजू बारस्कर की भी मौत हो गई। नगर पालिका कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर सुनते ही परिजन और नगर पालिका के कर्मचारी भारी संख्या में अस्पताल पहुंचे। नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार भी अस्पताल पहुंची। (Betul Accident News)