Fire : मेला गया था पूरा परिवार, इधर आग लगी और धूं-धूं कर जल गया पूरा मकान, लौटे तो नजर आया तबाही का मंजर
• राजेंद्र गोहे, बीजादेही
बैतूल जिले के बीजादेही क्षेत्र के पांढरासेल ग्राम में बीती रात एक मकान में आग लग गई। इससे पूरा मकान और रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। आग जिस समय लगी, उस समय परिवार के सभी सदस्य मेला गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बीजादेही क्षेत्र के ग्राम रामढाना में मेला लगा था। ग्राम पांढरासेल निवासी खुशीलाल यादव भी परिवार सहित मेला घूमने गया था। इस बीच रात करीब 10 बजे अज्ञात कारणों से मकान में आग लग गई।
इस आग में देखते ही देखते पूरा मकान जल गया। किसी ग्रामीण से सूचना मिलने पर खुशीलाल और उसके परिवार के सदस्य वापस लौटे, लेकिन तब तक सब कुछ खाक हो चुका था। वे घर के भीतर से जरूरी सामान भी नहीं निकाल पाए।
दमकल वाहन भी नहीं पहुंच पाया। खुशीलाल का कहना है कि उनके पास अब कुछ भी नहीं बचा। आग लगने की घटना से उन्हें एक लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। भीतर रखा अनाज तक नहीं निकाल पाए।




