बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

nagar palika adhyaksh chunav : कहीं भाजपा भारी तो कहीं कांग्रेस, निर्दलीय भी पीछे नहीं; देखें किस निकाय में किसे मिला अध्यक्ष का ताज

▪️ बैतूल अपडेट टीम ▪️

जिले के नगरीय निकायों में सोमवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव हो रहे हैं। इसमें कहीं भाजपा भारी पड़ी तो कहीं कांग्रेस प्रत्याशी बीस साबित हुए। निर्दलीय उम्मीदवार भी पीछे नहीं रहे हैं। वहीं कुछ जगह भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेसी पार्षदों के सहारे फतह हासिल की है। सुबह से ही लोगों को इस बात की उत्सुकता थी कि किस निकाय में किसके सिर पर अध्यक्ष का सेहरा बंधेगा।

नगर पालिका परिषद आमला: नितिन गाडरे

अध्यक्ष के लिए सबसे रोचक स्थिति आमला नगर पालिका परिषद में बनी। यहां कांग्रेस से नितिन गाडरे, भाजपा से काशीबाई शेषकर और निर्दलीय प्रत्याशी खुशबू अतुलकर ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी जताई थी। आश्चर्यजनक रूप से तीनों प्रत्याशियों को 6-6 मत प्राप्त हुए। मुकाबला टाई होने की स्थिति में पर्ची बनाकर एक बच्ची से पर्ची निकलवाई गई। इसमें कांग्रेस के नितिन गाडरे अध्यक्ष चुने गए। वैसे सबसे अधिक उत्सुकता आमला के नतीजों को लेकर ही थी। चुनाव के बाद से ही यहां दिलचस्प स्थिति बनी थी।

शाहपुर नगर परिषद : रोहित विक्की नायक

शाहपुर नगर परिषद ने पहले चुनाव में ही इतिहास रच दिया है। चुनाव में यहां निर्दलीय पार्षदों का बोलबाला रहा वहीं आज हुए अध्यक्ष के मुकाबले में भी निर्दलीय प्रत्याशी ही भारी पड़े। यहां भाजपा से सूर्यकांत सोनी और निर्दलीय प्रत्याशी रोहित विक्की नायक के बीच मुकाबला था। यहां निर्दलीय प्रत्याशी विक्की नायक को 8 मत मिले वहीं भाजपा प्रत्याशी को 6 मत ही प्राप्त हो सके। एक वोट रिजेक्ट हो गया है। इस तरह निर्दलीय प्रत्याशी रोहित विक्की नायक नगर परिषद शाहपुर के प्रथम अध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं।

नगर परिषद बैतूल बाजार : दुर्गावती वर्मा

बैतूल बाजार नगर परिषद में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल की है। यहां भाजपा की दुर्गावती वर्मा और कांग्रेस की पूनम ललित राठौर के बीच मुकाबला था। मतदान में श्रीमती वर्मा को 12 और श्रीमती राठौर को 3 वोट मिले हैं। इस तरह भाजपा प्रत्याशी श्रीमती वर्मा भारी बहुमत से अध्यक्ष चुन ली गई हैं। श्रीमती वर्मा पूर्व अध्यक्ष संजय वर्मा की पत्नी हैं। जीत के बाद उनके समर्थकों ने जश्र मनाया।

नगर परिषद घोड़ाडोंगरी : मीरावंती उइके

नगर परिषद घोड़ाडोंगरी के लिए भी पहली बार चुनाव हुए थे। यहां कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल करने में सफलता हासिल की है। उन्हें 15 से 8 मत प्राप्त हुए। यहां भाजपा ने नेहा उइके को अपना प्रत्याशी बनाया। उन्हें 7 वोट मिले हैं। इस तरह घोड़ाडोंगरी नगर परिषद में कांग्रेस का कब्जा हो गया है।

नगर परिषद भैंसदेही : मनीष सोलंकी

नगर परिषद भैंसदेही में भाजपा प्रत्याशी मनीष सोलंकी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं। यहां उनके विरूद्ध शोएब विंध्यानी ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। बताते हैं कि वे जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाए थे। यही वजह रही कि उनका नामांकन पत्र निरस्त हो गया। इस तरह यहां भाजपा प्रत्याशी मनीष सोलंकी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं।

बैतूल नगर पालिका : पार्वतीबाई बारस्कर

नगर पालिका बैतूल के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का निर्वाचन बाल मंदिर में स्थित नपा के सभाकक्ष में चल रही है। यहां कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमनबीर सिंह बैंस की उपस्थिति में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से पार्वती बाई बारस्कर ने नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस की ओर से नंदिनी तिवारी ने अपना फॉर्म जमा किया। यहां पार्वती बाई बारस्कर को 22 मत प्राप्त हुए और कांग्रेस की नंदिनी तिवारी को 11 मत प्राप्त हुए। नगर पालिका के 33 वार्डों में 23 वार्डों में भाजपा चुनाव जीती थी। वहीं 10 वार्डों में कांग्रेस जीती थी। हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी को 11 वोट प्राप्त हुए हैं।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button