MP Weather Update: बुरहानपुर-बैतूल में अति भारी और 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
MP Weather Update: मध्यप्रदेश के कई जिलों में एक बार फिर भारी बारिश का दौर चल रहा है। इन दिनों कई सिस्टम एक साथ एक्टिव होने से यह स्थिति बनी है। इससे अगस्त महीने में ही बारिश का कोटा पूरा होने की संभावना जताई जा रही है। आज शनिवार को प्रदेश के 2 जिलों में अति भारी और 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार इन दिनों दक्षिण ओडिशा और संलग्र उत्तरी आंध्रप्रदेश तट पर निम्र दाब क्षेत्र अवस्थित है। इससे एक चक्रवातीय परिसंचरण जुड़ा है। एक मानसून ट्रफ बीकानेर, कोटा, सिवनी, रायपुर से होकर गुजर रही है और निम्र दाब क्षेत्र के केंद्र तक विस्तृत है।
एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण उत्तर-पूर्व अरब सागर और दक्षिण गुजरात, कोंकण एवं गोवा पर सक्रिय है। एक ट्रफ पश्चिम बंगाल के दक्षिणी भागों से दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्रप्रदेश पर बने निम्र दाब क्षेत्र से जुड़े चक्रवातीय परिसंचरण उत्तरी तेलंगाना, दक्षिण महाराष्ट्र से होकर गुजर रही है। इन्हीं कारणों से मध्यप्रदेश में बारिश का दौर चल रहा है।

आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट (MP Weather Update)
मौसम विभाग के अनुसार आज बैतूल और बुरहानपुर में अगले 24 घंटे में 115.6 से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। दूसरी ओर झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, देवास, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश हो सकती है। यहां 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना है।

रविवार को इन जिलों में भारी वर्षा (MP Weather Update)
रविवार को भी कई जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। मौसम विभाग के अनुसार कल बुरहानपुर, खरगौन, बड़वानी, खंडवा, हरदा, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में 24 घंटों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी बारिश का मौसम बना रहेगा।
शुक्रवार को इन जिलों में बरसे बदरा (MP Weather Update)
प्रदेश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्से में तेज बारिश का दौर इन दिनों चालू है। शुक्रवार को कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा। प्रदेश के बड़वानी, शाजापुर, धार, नर्मदापुरम, भोपाल समेत कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार 18 अगस्त से बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होगा। जिससे कई जिलों में अति भारी या भारी बारिश होगी।
बड़वानी में आकाशीय बिजली से 2 मौतें (MP Weather Update)
शुक्रवार को बड़वानी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अंजड़ थाना क्षेत्र में दोपहर ढाई बजे तलवाड़ा और उचावद के बीच बिजली गिरी। इससे ग्राम उचावद निवासी महेश (30) पिता कैलाश और पवन (35) पिता श्यामलाल की मौत हो गई। एक अन्य राजू पिता कैलाश भी घटना में घायल हुआ है। यह सभी खेत स्थित कुएं से मोटर निकालने गए थे। मोटर निकालने के बाद अचानक रिमझिम बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते महेश और पवन पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे।
- Read Also: MP Development Plan: मप्र में 6 नए एक्सप्रेस वे, ढाई लाख भर्तियां और किसानों को बिजली बिल से मुक्ति
प्रदेश में अभी तक इतनी हुई बारिश (MP Weather Update)
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अभी तक 30.5 इंच पानी गिर चुका है। प्रदेश की औसत बारिश 37 इंच है। अभी तक 82 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि इसी तरह बारिश होती रही तो इसी महीने बारिश का कोटा पूरा हो जाएगा। (MP Weather Update)
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



