Betul Accident: मोटर साइकिलों की टक्कर में एक की मौत, पति-पत्नी गंभीर घायल, आकाशीय बिजली से महिला की मौत
Betul Accident: One killed in motorcycle collision, husband and wife seriously injured, woman killed by lightning

Betul Accident: बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में रविवार रात को दो मोटर साइकिलों की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है। एक अन्य हादसे में एक महिला की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार रात में ग्राम निंबोटी निवासी भूपेंद्र पिता हरिदास बिंझाडे अपनी पत्नी के साथ मुलताई से ग्राम लौट रहे थे। इस बीच रात 8.30 बजे के लगभग नागपुर नाके पर सामने से तेज गति से आ रही दीपक मुदाफले निवासी गुरु साहब वार्ड मुलताई की बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना में दीपक मुदाफले सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल दिनेश बारंगे ने ऑटो से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही दीपक ने दम तोड़ दिया। दूसरी ओर भूपेंद्र एवं उनकी पत्नी को 108 एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां पर दोनों का उपचार किया जा रहा है।
बंद नहीं होता रेलवे गेट तो बच जाती जान
मुलताई ब्लॉक के ही चंदोरा खुर्द निवासी संगीता पति विजय गोहिते उम्र 38 वर्ष आकाशीय बिजली गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी। संगीता घर में काम कर रही थी।इसी दौरान तेज बारिश आने लग गई। जिससे वह घर से बाहर निकल कर कपड़े उठाने लगी। उसी वक्त घर के पीछे खेत में आकाशीय बिजली गिर गई। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला बेहोश हो गई।
परिजनों द्वारा उसे वाहन से मुलताई के सरकारी अस्पताल लाया जा रहा था। लेकिन, मुलताई-बोरदेही मार्ग पर रेल्वे फाटक बंद होने के कारण महिला को प्राथमिक उपचार नहीं मिल सका। रेलवे फाटक करीब आधा घंटा बंद रहा। इससे महिला की रेलवे फाटक पर ही मौत हो गई। रेलवे फाटक खोलने पर महिला को मुलताई अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।



