Betul Truck Accident News: ट्रक पलटने से एक की मौत, तीन घायल, ससुंद्रा चेक पोस्ट के पास हुआ हादसा
Betul Truck Accident News: One killed, three injured due to truck overturning, accident happened near Sasundra check post
Betul Truck Accident News: मध्यप्रदेश के बैतूल में बीती रात कुर्सियों से भरा एक ट्रक पलट गया। इस हादसे में ट्रक में बैठे 4 लोगों में से एक की मौत हो गई, वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह ट्रक चेक पोस्ट से बचने के लिए कच्चे रास्ते से जा रहा था। इसी बीच हादसे का शिकार हो गया। हादसा जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र में हुआ।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुलताई निवासी चार लोग कल सीमेंट की गाड़ी खाली करने आमला आए हुए थे। वापस होते समय इन लोगों ने मुलताई की ओर जा रहे कुर्सी भरे ट्रक में लिफ्ट ली और बैठ गए। ट्रक चालक ने ट्रक को नेशनल हाईवे से उतार लिया और कच्चे रास्ते से ले जाने लगा। इसी बीच ससुंद्रा चेक पोस्ट के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को मुलताई अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि इस हादसे में बेलदार मोहल्ला मुलताई निवासी मुन्ना की मौत हो गई है। उसे मुलताई डायल हंड्रेड पर तैनात प्रधान आरक्षक संतोष मर्सकोले एवं पायलट पंकज डहारे ने मुलताई अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी ओर मुलताई निवासी विक्रम सिंह पुत्र कमल ठाकुर (55 ), राजीव गांधी वार्ड निवासी लाहनु प्यारेलाल दौड़के एवं भगत सिंह वार्ड निवासी जीवन रामा बारंगे ( 45 ) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इन्हें 108 पर तैनात ईएमटी कमलेश मगरदे एवं पायलट दीपक पाल ने अस्पताल पहुंचाया। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ट्रक का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।(Betul Truck Accident News)



