Train Viral Video: इंस्टाग्राम रील के लिए रेलवे ट्रैक पर शूट करवा रहा था युवक, इसी बीच पीछे से धड़धड़ाती हुई आ गई ट्रेन, और फिर…

Train Viral Video : बेहतरीन और रोचक वीडियो शूट करने के लिए कई युवा हद से ज्यादा खतरे उठा लेते हैं। इस चक्कर में कई लोग अपनी जान तक गवां चुके हैं। वहीं कई गंभीर रूप से चोटिल होकर अपाहिज हो चुके हैं। इसके बावजूद लोग खतरा उठाना नहीं छोड़ रहे हैं। अब ऐसा ही एक और रोंगटे खड़ा कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यह मामला तेलंगाना के हनमकोंडा जिले (Hanamkonda district of Telangana) का बताया जा रहा है।
घटना बीते रविवार की बताई जा रही है। यहां वाडेपल्ली टैंक स्थित काजीपेट रेलवे स्टेशन (Kazipet Railway Station) के पास रेलवे ट्रैक पर लड़का वीडियो शूट कर रहा था। इसी दौरान ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अक्षय राज की उम्र 17 साल है, जो इंटरमीडिएट प्रथम वर्ष का छात्र है। घटना के बाद उसे एम्बुलेंस में रेलवे पुलिस द्वारा सरकारी एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसके रिश्तेदारों द्वारा एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। डॉक्टरों ने कहा कि उसके पैर में भी फ्रैक्चर है और चेहरे पर भी चोटें आई हैं। हालांकि वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
ट्रैक के बिलकुल करीब हो रही थी वीडियो शूटिंग
वायरल हो रहे वीडियो में देख सकते हैं कि अक्षय रेलवे ट्रैक के करीब से पैदल चलते हुए नजर आ रहा है। तभी पीछे से ट्रेन तेज रफ्तार में आई और फिर उसे जोरदार टक्कर मार दी। अक्षय तुरंत ही बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। इस दौरान सामने वीडियो शूट करने वाले साथी ने उसे कई बार पुकारा, लेकिन वह पूरी तरह से बेसुध हो चुका था। कहा जा रहा है कि वह इंस्टाग्राम रील (instagram reel) के लिए वीडियो बना रहा था, तभी घटना का शिकार हो गया। काजीपेट राजकीय रेलवे पुलिस ने कहा कि अक्षय अपने दो दोस्तों के साथ एक मोबाइल एप के लिए वीडियो बना रहे थे, तभी बल्हारशाह से वारंगल आ रही ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी।
देखें घटना का वायरल हो रहा वीडियो…
बिल्कुल ना उठाएं ऐसा खतरा… pic.twitter.com/u7B0qkxE5S
— Betul Update (@BetulUpdate) September 7, 2022
चेतावनी भी दी, पर कर दी अनसुनी
घटना के समय पटरियों पर काम करने वाले रेलवे के एक गैंगमैन ने कहा, ‘जब ट्रेन आ रही थी तब वह ट्रैक के साथ-साथ चल रहा था और वह ट्रेन के इंजन की चपेट में आ गया।’ गैंगमैन ने कहा, ‘हालांकि उसे उसके दोस्तों और अन्य गैंगमैन द्वारा ट्रेन से दूर जाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने उनकी चेतावनियों पर ध्यान नहीं दिया। ‘ रेलवे पुलिस युवाओं को सलाह दे रही है कि वे रेल की पटरियों पर वीडियो न बनाएं, क्योंकि हादसों में उनकी जान जा सकती है। रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले मध्यप्रदेश के इटारसी स्टेशन के पास भी ऐसा ही एक हादसा हो चुका है। इसमें एक युवक की जान जा चुकी है।
News Source: Zee News



