कर्मठता की मिसाल : नदी में मिला महिला का शव, ग्रामीणों के सहयोग से 9 किलोमीटर कांधे पर उठाकर पुलिस ने पहुंचाया पोस्टमार्टम के लिए
• उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले बीजादेही थाना क्षेत्र के परसदा घाट में मोरन नदी में एक महिला का शव मिला। सूचना मिलने पर बीजादेही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की है। मोरन नदी के उफान पर होने के कारण आसपास के सभी रास्ते बंद थे।
ऐसे में शव को पोस्टमार्टम के लिए शाहपुर अस्पताल भिजवाने के लिए खासी मशक्कत करना पड़ा। पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से महिला के शव को कंधे पर रखकर 9 किलोमीटर तक सड़क पर पहुंचाया। जिसके बाद वाहन की व्यवस्था कर पोस्टमार्टम के लिए शाहपुर पहुंचाया गया।

बीजादेही थाना प्रभारी बीएल उइके ने बताया कि मोरन नदी में एक महिला का शव मिला। जिसकी सूचना मिलने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए शाहपुर अस्पताल भिजवाया जाना था। लेकिन, आसपास के रास्ते नदी के उफान पर होने के कारण बंद थे। देखें वीडियो…
इसलिए खेत के रास्ते से 9 किलोमीटर तक महिला के शव को कंधे पर रखकर पास के गांव डोडरामउ पहुंचाया गया। जहां पर वाहन की व्यवस्था कर शव को शाहपुर अस्पताल भिजवाया गया। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव की शिनाख्त नहीं होने के कारण दफना दिया गया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।



