Shri Krishna Janmashtami 2022 : बालाजीपुरम बनेगा ब्रजधाम, निकलेगी कंस सेना, द्वापर युग का होगा सजीव चित्रण; बैतूल में फोड़ी जाएगी मटकी

▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल
Shri Krishna Janmashtami 2022 : बालाजीपुरम में शुक्रवार को जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए कंस कारावास बनने के साथ कृष्णलीला की समस्त तैयारी पूर्ण हो चुकी है। बालाजीपुरम इस बार नए आकर्षक स्वरूप में ब्रजधाम बनेगा। इधर बैतूल के श्री गोपाल कृष्ण मंदिर छोटी ग्वाल टोली सदर द्वारा भी धूमधाम से श्री कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
भारत के पांचवें धाम श्री रूक्मणी बालाजी मंदिर बालाजीपुरम (Sri Rukmani Balaji Temple Balajipuram) में हर साल जन्माष्टमी का पर्व विशेष तरीके से मनाया जाता है। बालाजीपुरम के प्रमुख पुजारी असीम पंडा स्वामी ने बताया कि शुक्रवार 19 अगस्त को जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जाएगा। इस त्योहार की शुरूआत शाम 4 से 6 बजे तक बालाजी मंदिर में कृष्ण भजन के साथ होगी।

शाम 7 से रात 11.28 बजे तक कृष्ण लीला का मंचन बालाजीपुरम में भक्त निवास के समक्ष बने मंच पर प्रसिद्घ कलाकार प्रस्तुत करेंगे। उसके बाद कंस की सेना पूरे तामझाम से रात 11.28 से वहां से निकलेगी। करीब 18 मिनट की यात्रा के बाद बालाजीपुरम के मुख्य द्वार के पास बने कारागृह में यह सेना पहुंचेगी। इसके बाद 11.45 बजे से पूरा बालाजीपुरम 7 मिनट के लिए अंधकार में डूब जाएगा।
ठीक 11.52 बजे भगवान श्री कृष्ण का जन्म रोहणी नक्षत्र में चंद्रोदय के साथ होगा। इसके साथ ही पूरा परिसर रोशनी से नहा जाएगा और शानदार आतिशबाजी होगी। यहां से भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप को सिर पर रख कर गंगा कुंड से मुख्य मंदिर तक लाया जाएगा। रास्ते भर सभी भक्त भगवान पर पुष्प वर्षा करते रहेंगे।
मुख्य मंदिर में झुलाएंगे लड्डू गोपाल को
मुख्य मंदिर में बनी विशेष झांकी में लड्डू गोपाल को झुलाया जाएगा। विशेष पूजन और आरती के साथ प्रसादी वितरण भी होगा। लाइट एंड साउंड शो से पूरे बालाजीपुरम में द्वापर युग का सजीव चित्रण किया जाएगा। इसलिए पूरा कार्यक्रम मिनट-टू-मिनट तैयार किया गया है। इसके लिए मंदिर प्रबंधन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। बालाजीपुरम संस्थापक सेम वर्मा ने सभी श्रद्घालुओं से शुक्रवार की रात बालाजीपुरम के कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
यहां होंगे राधा-कृष्ण के भव्य श्रृंगार दर्शन

श्री गोपाल कृष्ण मंदिर छोटी ग्वाल टोली (Shri Gopal Krishna Mandir Choti Gwal Toli) सदर बैतूल द्वारा शास्त्री वार्ड में श्री कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। यहां श्री कृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर 18 अगस्त को दोपहर 12 बजे से अखंड रामायण पाठ प्रारंभ किया गया है। जिसका समापन 19 अगस्त को हवन पूजन के साथ एवं रात्रि 8 बजे श्री राधा कृष्णा का भव्य श्रृंगार दर्शन होगा। इसके बाद रात्रि 8.30 बजे कालका जागरण ग्रुप के राज्य स्तरीय कलाकारों द्वारा भगवान श्री कृष्ण की झांकियां, संगीतमय नृत्य एवं बाल कृष्ण लीलाओं की प्रस्तुति दी जाएगी।
समिति के चेतन यादव ने बताया कि 19 अगस्त को रात्रि 12 बजे महा आरती के साथ भगवान श्री कृष्ण का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। वहीं मटकी फोड़ कार्यक्रम के साथ प्रसादी वितरित की जाएगी। श्री गोपाल कृष्ण मंदिर छोटी ग्वालटोली ने शहर और क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर उपस्थित होने का आग्रह किया है।



