MP Heavy Rain Alert: एमपी के 18 जिलों में आज भारी बारिश; बैतूल में अतिथि शिक्षक और ट्रैक्टर-ट्रॉली बाढ़ में बहे
MP Heavy Rain Alert: मध्यप्रदेश में इन दिनों एक बार फिर भारी बारिश का दौर चालू है। आज फिर प्रदेश के 3 जिलों में अति भारी का ऑरेंज और 15 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में यह बारिश भारी नुकसान भी पहुंचा रही है। बैतूल में नदी की बाढ़ में बहने से एक अतिथि शिक्षक की मौत हो गई। वहीं एक अन्य घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बाढ़ में बह गई।
मौसम विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक एक मानसून ट्रफ दतिया, सीधी से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। एक अन्य ट्रफ बीचों बीच से निकल रही है। दक्षिणी हिस्से में साइक्लोनिक सकुर्लेशन की एक्टिविटी देखने को मिल रही है। इन वजहों से प्रदेश में तेज बारिश का दौर है। अगले चार दिन के लिए कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

शुक्रवार को इन जिलों के लिए अलर्ट
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा शुक्रवार को श्योपुर, नीमच और मंदसौर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे में साढ़े 8 इंच तक पानी गिर सकता है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, रतलाम, आगर-मालवा, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश का यलो अलर्ट है। इन जिलों में 24 घंटे में साढ़े 4 इंच तक बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा।
शनिवार को इन जिलों में तेज बारिश
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी दी है। शनिवार को बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, मैहर, सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, रीवा, सतना, पन्ना, छतरपुर, दमोह, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, अशोकनगर, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, श्योपुर, नीमच और गुना में भारी बारिश का यलो अलर्ट है। इन जिलों में 24 घंटे में साढ़े 4 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मोटर साइकिल सहित बहे अतिथि शिक्षक
प्रदेश के बैतूल जिले में भी लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते जनजीवन पर खासा असर भी पड़ रहा है। जिले के चोपना थाना क्षेत्र में एक अतिथि शिक्षक मोटर साइकिल समेत तवा नदी की बाढ़ में बह गए। पहाड़पुर ग्राम के निवासी और अतिथि शिक्षक राजकुमार बेलेवार मंगलवार को बैतूल आए थे। बैतूल से वापस जाने के दौरान रात करीब 8 बजे उन्होंने पांढरा गांव के आसपास से परिजनों से संपर्क किया था। इसके बाद पूरी रात घर नहीं पहुंचे। बुधवार सुबह 4 बजे से परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। दोपहर में तवा नदी का पानी कम होने पर उनकी बाइक दिखी। देर शाम को बाइक से कुछ दूरी पर उनका शव मिला।
भीमपुर क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में बही
बैतूल के भीमपुर विकासखंड के ग्राम बोंडलाखेड़ा में मंगलवार को लेडदा नदी में अचानक आए उफान में रेत से भरा ट्रैक्टर बह गया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण ट्रैक्टर को रोकना संभव नहीं हो सका। बाढ़ का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही पलों में ट्रैक्टर पानी में समा गया। ट्रैक्टर मालिक और किसान बड़ी मशक्कत के बाद खुद को किसी तरह सुरक्षित निकाल पाए और तैरकर किनारे पहुंचे। बाढ़ का पानी उतरने के बाद ट्रैक्टर करीब तीन किलोमीटर दूर पेड़ में फंसा मिला। बहाव इतना तेज था कि ट्रैक्टर के पुर्जे-पुर्जे बह गए और वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वहीं ट्रॉली का अभी तक कोई पता नहीं चला है।
जिले में अभी तक बारिश की यह स्थिति
बैतूल जिले की औसत वर्षा 1083.9 मिमी है तथा जिले में अभी तक 692.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इस अवधि तक 770.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिले में 22 अगस्त 2025 को प्रात: 8 बजे समाप्त 24 घंटों के दौरान 7.0 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि 22 अगस्त 2025 को प्रात: 8 बजे तक तहसील बैतूल में 6.6, घोड़ाडोंगरी में 7.0, चिचोली में 16.4, शाहपुर में 3.0, मुलताई में 10.0, प्रभात पट्टन में 22.2, आमला में 2.0, भैंसदेही में 0.0, आठनेर में 0.0. तथा भीमपुर में 3.0 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
- Read Also: Motorcycle Toll Tax NHAI: अब मोटर साइकिलों से भी वसूला जाएगा टोल, इन खबरों में कितनी है सच्चाई
प्रदेश में अभी तक 89 प्रतिशत बारिश दर्ज
गुरुवार को हुई बारिश के बाद नर्मदापुरम में तवा डैम के 13 गेटों में से 7 गेट खुले रहे। रतलाम में केदारेश्वर महादेव मंदिर का झरना सीजन में तीसरी बार बह निकला। मंदिर परिसर में पानी ही पानी हो गया। डिंडौरी और शिवपुरी में भी सुबह से बारिश होती रही। प्रदेश में 16 जून को मानसून ने आमद दी थी। तब से अब तक औसत 33.1 इंच बारिश हो चुकी है। अब तक 27 इंच पानी गिरना था। इस हिसाब से 6.1 इंच पानी ज्यादा गिर चुका है। प्रदेश में सामान्य बारिश के मुकाबले अब तक 89 प्रतिशत पानी गिर चुका है।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



