बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

Gram Samvad : बाजार नीलामी में गड़बड़ी की शिकायत, कलेक्टर ने दिए रिकॉर्ड जब्त कर जांच के आदेश, और भी कई धांधलियां आईं सामने

  • उत्तम मालवीय, बैतूल
    कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस एवं सीईओ जिला पंचायत अभिलाष मिश्रा ने गुरूवार को मुलताई विकासखंड के क्लस्टर ग्राम दुनावा में ग्राम संवाद आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं एवं उनका निराकरण किया। जो समस्याएं तत्काल निराकरण योग्य नहीं थी, उनके समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान 234 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 70 को मौके पर ही निराकृत किया गया।

    क्लस्टर अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायत घाट पिपरिया, चिखलीकलां, रिधोरा, दुनावा, मयावाड़ी, सर्रई, लेंदागोंदी, सिपावा, भैंसादंड, सोनेगांव एवं कपासिया में ग्राम सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं एवं उनका ग्राम संवाद के दौरान निराकरण किया गया।

    ग्राम संवाद के दौरान दुनावा में सब्जी एवं मवेशी बाजार की नीलामी संबंधी शिकायत पर कलेक्टर द्वारा कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत का नीलामी संबंधी रिकार्ड जब्त करवाकर सीईओ जनपद को जांच करने के आदेश दिए। इस दौरान उन्होंने नामांकन, सीमांकन एवं नक्शा दुरुस्तीकरण संबंधी मामलों में भी त्वरित कार्रवाई हेतु राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया।

    ग्राम दुनावा में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की सूची में अपात्रों की जांच करने के निर्देश दिए। वहीं वार्ड क्रमांक-6 में पेयजल समस्या का निराकरण करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए। ग्राम दुनावा में खेल मैदान, सामुदायिक भवन एवं गोदाम निर्माण के नाम पर उन्होंने परीक्षण उपरांत उचित कार्रवाई करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा।

    ग्राम चिखलीकलां में सेल्समेन द्वारा राशन नहीं बांटने की शिकायत का परीक्षण करने के जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए गए। यहां कोटवार की सेवा भूमि से रास्ता बंद होने की शिकायत पर उन्होंने नियमानुसार रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए। ग्राम में लंबित सामाजिक सहायता एवं संबल योजना के प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

    ग्राम मयावाड़ी में पेयजल की समस्या मुख्य रूप से पाये जाने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को समुचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम सिपावा में आंगनबाड़ी एवं प्राथमिक स्कूल से अतिक्रमण हटाने के लिए भी तहसीलदार को निर्देशित किया गया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत द्वारा भी आमजन की समस्याओं की सुनवाई की जाकर निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

    लाड़ली लक्ष्मी को दिया प्रमाण पत्र

    इस दौरान कलेक्टर श्री बैंस द्वारा दुनावा निवासी खुशी कलावती कोमल सिंह को लाड़ली लक्ष्मी योजना का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

    तीन हितग्राहियों की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत

    ग्राम संवाद के दौरान ग्राम पंचायत रिधोरा के तीन हितग्राहियों लंकी पति धुन्धू गोहिते, शंकर पिता लोहला डाहरे एवं सुमन पति शंकर डाहरे को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई।

  • उत्तम मालवीय

    मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

    Related Articles

    Back to top button