Corona New Variant in India : कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर भारत में भी अलर्ट, हुई हाईलेवल मीटिंग, पीएम-सीएम ने की यह अपील

Corona New Variant in India : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने गुरुवार को देश के लिए स्वास्थ्य को लेकर, देश में कोविड-19 (COVID-19) की स्थिति, सार्वजनिक स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे और लॉजिस्टिक्स की तैयारी, देश में टीकाकरण अभियान की स्थिति और कोविड-19 के नए वैरिएंट के उद्भव और उसकी स्थिति का आकलन करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। यह उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कुछ देशों में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि की पृष्ठभूमि में हुई। इधर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी कोरोना को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वास्थ्य सचिव और नीति आयोग के सदस्य द्वारा कई देशों में कोविड-19 के बढ़ते मामलों सहित कोविड-19 की वैश्विक स्थिति के संबंध में एक व्यापक प्रस्तुति दी गई। प्रधानमंत्री को बताया गया कि भारत में कोविड-19 के मामलों में लगातार गिरावट देखी जा रही है, 22 दिसंबर, 2022 को समाप्त सप्ताह में औसत दैनिक संक्रमण के मामले गिरकर 153 और साप्ताहिक संक्रमण के मामले 0.14 प्रतिशत तक कम हो गए हैं। हालांकि, पिछले 6 सप्ताह वैश्विक स्तर पर 5.9 लाख दैनिक औसत मामले दर्ज किए गए हैं।

प्रधानमंत्री ने संतुष्ट होकर बैठ जाने के खिलाफ आगाह किया और कड़ी निगरानी की सलाह दी। उन्होंने दोहराया कि कोविड अभी खत्म नहीं हुआ है और उन्होंने अधिकारियों को विशेषकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया कि उपकरणों, प्रक्रियाओं और मानव संसाधन की दृष्टि से सभी स्तरों पर समस्त कोविड बुनियादी ढांचागत सुविधाओं को तैयारियों के उच्च स्तर पर बनाए रखा जाए। उन्होंने राज्यों को ऑक्सीजन सिलेंडर, पीएसए संयंत्रों, वेंटिलेटर और मानव संसाधन सहित अस्पतालों में बुनियादी ढांचागत सुविधाओं का त्वरित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए कोविड विशिष्ट सुविधाओं का ऑडिट करने की सलाह दी।
प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को कोविड टेस्टिंग के साथ-साथ जीनोम अनुक्रमण संबंधी प्रयासों को भी तेज करने का निर्देश दिया। राज्यों से कहा गया है कि वे हर दिन जीनोम अनुक्रमण के लिए आईएनएसएसीओजी की निर्दिष्ट जीनोम अनुक्रमण प्रयोगशालाओं (आईजीएसएल) के साथ बड़ी संख्या में नमूने साझा करें। इससे देश में फैल रहे नए वैरिएंट, यदि कोई हो, का समय पर पता लगाने में मदद मिलेगी और आवश्यक सार्वजनिक स्वास्थ्य उपाय करने में सुविधा होगी।
- Also Read: सरकार की ये खास योजना बेटियों के लिए है वरदान, मिलते है पूरे 1.43 लाख, इस तरह कर सकते है आवेदन
लोगों से की पीएम ने यह अपील
प्रधानमंत्री ने सभी से आग्रह किया कि वे हर समय कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन करें, खासतौर पर त्योहारों के आने वाले मौसम को देखते हुए, जिसमें भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना भी शामिल है। प्रधानमंत्री ने ये भी आग्रह किया कि एहतियाती टीके के लिए प्रोत्साहित किया जाए, विशेष रूप से कमजोर और बुजुर्ग समूहों को।
स्वास्थ्य रक्षा के लिए सजग रहने की आवश्यकता : मुख्यमंत्री
इधर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आमजन को एक बार फिर अपने स्वास्थ्य की रक्षा के लिए अधिक सजग रहने की आवश्यकता है। नागरिकों से अपील है कि फेस-मास्क का आवश्यकतानुसार उपयोग अवश्य करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिन नागरिकों ने अभी तक बूस्टर डोज नहीं लगवाया है, वे इसे लगवाने की पहल करें।
सभी सीएमएचओ को सतर्क रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने चीन में कोरोना संक्रमण के सामने आ रहे प्रकरणों के संदर्भ में कहा कि प्रत्येक नागरिक को सावधान रहने की आवश्यकता है। राज्य सरकार ने सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश भी जारी किए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान स्वयं कोरोना पर नजर रखते हुए शासकीय तंत्र और नागरिकों के जागरूक बने रहने के लिये प्रति सप्ताह समीक्षा बैठक करेंगे।
- Also Read: Bajaj Pulsar 150: बजाज पल्सर के दीवानों के लिए बुरी खबर! कंपनी ने गाड़ी बनाना किया बंद, ये हैंं वजह
प्रयासों में नहीं कोई कमी नहीं रहेगी
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना नियंत्रण और व्यवस्थाओं के संबंध में 550 से अधिक बैठकें भी ली गईं। कोविड के नए वेरियंट की आहट को देखते हुए केन्द्र सरकार ने भी राज्यों को निर्देश दिए हैं। मध्यप्रदेश सरकार आवश्यक उपायों और व्यवस्थाओं को लेकर सजग है। इन प्रयासों में कोई कमी नहीं रहेगी।



