बड़ी खबरें

Betul Collector Order: कड़ाके की ठंड का असर, बदला स्कूलों का समय, कलेक्टर ने जारी किए आदेश, अब इतने बजे से लगेंगे

Betul Collector Order: कड़ाके की ठंड का असर, बदला स्कूलों का समय, कलेक्टर ने जारी किए आदेश, अब इतने बजे से लगेंगे

Betul Collector Order:  मध्यप्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड चल रही है। इसके साथ ही देर सुबह तक कोहरे और शीतलहर से भी लोग जूझ रहे हैं। यही वजह है कि बच्चों को परेशानियों से बचाने मध्यप्रदेश के कई जिलों में स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया गया है। इसी कड़ी में बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने भी जिले के स्कूलों का समय बदलने का आदेश जारी कर दिया है।

बुधवार को जारी आदेश में कहा गया है कि बैतूल जिले में शीतलहर के प्रभाव से तापमान प्रातःकाल 8 डिग्री से कम होने से छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। कोहरे के कारण दृश्यता अत्यन्त न्यून है, जिससे आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही हैं।

अतः छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, सीबीएसई, नवोदय, केन्द्रीय शैक्षणिक संस्थाओं के संचालन का समय आगामी आदेश तक प्रातः 9 बजे से नियत किया जाता है। कक्षायें प्रातः 9.00 बजे के पूर्व संचालित नहीं की जायेगी। उक्त आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। ठंड बढ़ने के बाद से ही पालक स्कूलों के समय बदलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि बैतूल जिला इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की है। घना कोहरा छाने के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। विजिबिलिटी कम होने के कारण वाहन चालकों को लाइट जलाकर वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा। सुबह 10 बजे तक कोहरे की धुंध छाई रही।

मंगलवार शाम से ही मौसम में बदलाव हो गया था और तेज हवाएं चलने लगी है। मंगलवार-बुधवार की रात को बैतूल का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। बैतूल में 5 और 6 जनवरी को मावठे की बारिश होने की संभावना है।

कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार भी बेहद कम हो गई है। बैतूल स्टेशन पर नागपुर और भोपाल जाने के लिए लोगों को 2 से सात घंटे तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। नागपुर की ओर जाने वाली यशवंतपुर एक्सप्रेस 2 घंटे और जीटी 2 घंटे आठ मिनट देरी से आई।

दक्षिण एक्सप्रेस 3 घंटे 30 मिनट देरी से चल रही है! भोपाल की ओर जाने वाली समता एक्सप्रेस सुबह 3 बजे बैतूल स्टेशन पर आती है। आज सात घंटे 10 मिनट देरी से चल रही है। लखनऊ एक्सप्रेस भी सुबह 4.50 पर आती है, लेकिन आज 6.24 पर आई। छत्तीसगढ़ रात में एक बजे आती है जो आठ घंटे 48 मिनट की देरी से सुबह 9.48 मिनट पर बैतूल स्टेशन पहुंची।

Betul Collector Order: कड़ाके की ठंड का असर, बदला स्कूलों का समय, कलेक्टर ने जारी किए आदेश, अब इतने बजे से लगेंगे

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button