Multai News : ड्रीमलैंड सिटी में मूलभूत सुविधा का जायजा लेने पहुंची टीम घटिया निर्माण से हुई रूबरू, अफसरों ने दी यह हिदायत
▪️ विजय सावरकर, मुलताई
बैतूल रोड क्षेत्र में स्थित आवासीय कॉलोनी ड्रीमलैंड सिटी मुलताई के रहवासी कॉलोनाइजर द्वारा मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के प्रति बरती जा रही लापरवाही को लेकर आक्रोशित हैं। वे मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कॉलोनाइजर को निर्देश देने की मांग जिम्मेदार अधिकारियों से कर रहे हैं। इस मांग को दृष्टिगत रखते हुए शनिवार को तहसीलदार सुधीर जैन, नगर पालिका सीएमओ नितिन कुमार बिजवे, उपयंत्री पंकज धुर्वे, जीआर देशमुख ड्रीमलैंड सिटी में निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे।
इस दौरान ड्रीमलैंड सिटी के रहवासी भी अधिकारियों के पास पहुंच गए। कॉलोनी निवासी सुभाष पवार, श्रवण गजरे, विजय सावरकर, शंकर पवार सहित अन्य ने तहसीलदार को बताया कि कॉलोनी में आंतरिक विकास कार्य पूरे करने की समय सीमा 21 मई 2013 को ही समाप्त हो चुकी है। इसके बाद भी कॉलोनी में अभी तक सड़क, पेयजल आपूर्ति का काम नहीं हुआ है।
सिटी में निर्धारित मापदंड में नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। जिससे नालियां भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। नाली का निर्माण करते समय लेवल भी नहीं लिया गया है। बारिश के पानी की निकासी के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। जगह-जगह पानी जमा होता है। तेज बारिश होने पर घर में बारिश का पानी घुस जाता है।
कॉलोनाइजर रहवासियों की इन समस्याओं को नजर अंदाज कर रहा है। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान नाली और सड़क का निर्माण घटिया दिखाई देने पर नाराजगी व्यक्त की। कॉलोनाइजर के कर्मचारियों से निर्माण कार्य के संबंध में चर्चा कर गुणवत्तापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।
प्रोजेक्ट रिपोर्ट के अनुसार कराए जाएंगे निर्माण कार्य
तहसीलदार सुधीर जैन और नगर पालिका सीएमओ नितिन कुमार बिजवे ने बताया अभी कॉलोनी में सड़क, नाली का कार्य पूरा नहीं हुआ है। कॉलोनी की प्रोजेक्ट रिपोर्ट के अनुसार ही कार्य कराया जाएगा। कॉलोनाइजर के कर्मचारी ने विद्युत का काम, पेयजल टंकी और पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा होना बताया है। पेयजल टंकी और पाइप लाइन की टेस्टिंग होना शेष है।



