Jila panchayat upadhyaksh : अध्यक्ष के बाद उपाध्यक्ष का पद भी भाजपा ने कब्जाया, हंसराज धुर्वे ने कांग्रेस प्रत्याशी हितेष निरापुरे को दी मात

▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल
जिला पंचायत बैतूल के अध्यक्ष के साथ ही उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा ने कब्जा कर लिया है। हालांकि अध्यक्ष पद की तरह उपाध्यक्ष का चयन निर्विरोध नहीं हो सका। उपाध्यक्ष के लिए हुए मतदान में भाजपा समर्थित प्रत्याशी हंसराज धुर्वे ने कांग्रेस प्रत्याशी हितेष निरापुरे को 12 वोट से हरा दिया है। अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही पदों पर भाजपा समर्थित पदाधिकारी आसीन हो गए हैं।

सुबह जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मुलताई क्षेत्र से सदस्य राजा पंवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। इससे ऐसा लग रहा था कि उपाध्यक्ष पद के लिए भी निर्विरोध निर्वाचन हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उपाध्यक्ष पद हेतु कांग्रेस समर्थित हितेष निरापुरे ने भी अपनी दावेदारी जताई। वहीं भाजपा की ओर से हंसराज धुर्वे प्रत्याशी बनाए गए। नाम वापसी नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार मतदान कराया गया।

मतदान के बाद मतगणना हुई। जिसमें भाजपा समर्थित हंसराज धुर्वे को 17 वोट और कांग्रेस समर्थित हितेश निरापुरे को 05 वोट हासिल हुए। इस तरह भाजपा समर्थित प्रत्याशी हंसराज धुर्वे 12 वोटों से उपाध्यक्ष पद का चुनावी मुकाबला जीतने में सफल रहे। इस तरह अब अध्यक्ष के साथ ही उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा समर्थित सदस्य आसीन हो गए हैं।
भाजपा की जीत में नहीं था कोई संशय
हालांकि भाजपा की इस जीत में कहीं कोई संशय की स्थिति नहीं थी। 23 सदस्यीय जिला पंचायत में भाजपा ने अपने 17 सदस्य चुने जाने का दावा किया था। इसके चलते संख्या बल में वह काफी भारी थी। ऐसे में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही पदों पर भाजपा समर्थित सदस्यों को ही काबिज होना था। आखिरकार हुआ भी यही। भाजपा में जीत से ज्यादा जद्दोजहद प्रत्याशी के चयन को लेकर हुई।
आखरी समय में बदले उपाध्यक्ष प्रत्याशी
बताया जाता है कि भाजपा में पहले मंगलसिंह धुर्वे का नाम अध्यक्ष के लिए लगभग फाइनल था। इसके बाद स्थितियां कुछ ऐसी बनी कि राजा पंवार को अध्यक्ष प्रत्याशी घोषित करना पड़ा। चर्चा थी कि मंगलसिंह धुर्वे को उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। इधर पार्टी सूत्रों के मुताबिक एक बार जिला पंचायत अध्यक्ष और एक बार विधायक रह चुके श्री धुर्वे ने उपाध्यक्ष बनने से इंकार कर दिया। ऐसे में पार्टी ने हंसराज धुर्वे पर दांव लगाया।
यह भी पढ़ें… Tractor Trolly palti : खाद और मजदूर लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 17 लोग घायल, 8 की हालत गंभीर



