खेती किसानी
MP Paddy Procurement: एमपी में 2441 रुपये क्विंटल पर होगी धान की खरीदी: 1 दिसंबर से शुरू होगा उपार्जन, कलेक्टर-एसडीएम को सक्रिय रहने के निर्देश
Paddy Procurement in MP: Paddy to be procured at Rs 2,441 per quintal in MP; procurement to begin on December 1; Collectors and SDMs instructed to remain active.

MP Paddy Procurement: भोपाल। राज्य शासन के लिए अन्नदाताओं की सहूलियत और उनकी भलाई सबसे ऊपर है। खरीफ फसलों की खरीदी पूरी तरह पारदर्शी ढंग से और तय समय सीमा के भीतर होनी चाहिए। प्रत्येक स्वीकृत खरीदी केंद्र पर कृषकों को निर्धारित दिन और वक्त पर अपनी फसल बेचने की आसान सुविधा मिलनी चाहिए। खरीदी केंद्रों पर डिजिटल माध्यम से निगरानी रखते हुए सही तौल और उपज की गुणवत्ता परखा जाना जरूरी है। प्रदेश के सभी जिलों में मांग के मुताबिक बारदाने, ढुलाई और अनाज रखने के लिए गोदामों की व्यवस्था समय से पहले पूरी कर ली जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह बातें रविवार को अपने निवास पर खरीफ उपार्जन वर्ष 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहीं। इस महत्वपूर्ण बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
कलेक्टर और एसडीएम को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश
डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि ज्वार और बाजरा समेत सभी प्रकार के श्रीअन्न या मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए गांव स्तर पर किसानों को जागरूक करने के साथ ही मंडियों में श्रीअन्न बेचने की सरल व्यवस्था तैयार की जाए। उन्होंने खरीदी के पूरे समय सभी इंतजाम पुख्ता रखने हेतु संबंधित जिला कलेक्टरों और एसडीएम को खास तौर पर मुस्तैद रहने को कहा है। जांच प्रक्रिया के जरिए सही पात्र किसानों की पहचान की जाए, ताकि किसी भी वास्तविक किसान को किसी तकनीकी खामी की वजह से योजना के फायदे से वंचित न रहना पड़े।
धान खरीदी के लिए 1433 और मोटे अनाज के 56 केंद्र बने
समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि ज्वार और बाजरा की खरीदी 23 नवंबर से शुरू होकर 23 दिसंबर तक चलेगी। वहीं, धान की खरीदी का कार्य 01 दिसंबर से प्रारंभ होकर 20 जनवरी तक संचालित किया जाएगा। हर सप्ताह सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 08 बजे से रात 08 बजे तक उपार्जन कार्य होगा। सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। खरीदी प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए पहली बार एग्रीस्टेक डेटा के जरिए किसानों का पंजीयन शुरू किया गया है। इसके अलावा धान ले जाने वाले ट्रकों के पंजीयन की जांच भी विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से होगी।
- यह भी पढ़ें : Betul Modern Farming: बैतूल में आधुनिक तकनीक से खेती: बीज निगम फार्म में उन्नत कृषि यंत्रों से हो रही चना और गेहूं की बोवनी
वर्ष 2026-27 के दौरान राज्य में धान की बुआई का कुल रकबा 41 लाख 54 हजार हेक्टेयर दर्ज किया गया है। इस साल प्रदेश में 1 करोड़ 47 लाख 73 हजार मीट्रिक टन धान उत्पादन होने का अनुमान लगाया गया है। अपनी उपज बेचने के लिए कुल 8 लाख 91 हजार 412 कृषकों ने पंजीयन करवाया है। समूचे प्रदेश में धान खरीदी के लिए 1433 केंद्र तथा मोटे अनाज के लिए 56 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं, साथ ही हर जिले में पर्याप्त वाहन व परिवहनकर्ता भी मौजूद हैं।
बैठक में शामिल हुए वरिष्ठ अधिकारी
इस समीक्षा बैठक में मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष के.पी. यादव और मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नागाइच ने भी वर्चुअली भाग लिया। समत्व भवन में आयोजित इस बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, के.सी. गुप्ता सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com


