LPG Cylinder Price: मध्य प्रदेश में LPG सिलेंडर हुआ सस्ता, 194 रुपये तक घटी कीमत, जानें नए रेट
LPG Cylinder Price: LPG cylinder prices reduced in Madhya Pradesh; rates cut by up to ₹194—check the new prices.

LPG Cylinder Price: मध्य प्रदेश में होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शनिवार से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के नए दाम लागू हो गए हैं। प्रदेश के अलग-अलग शहरों में इसकी कीमत 190 से 194 रुपये तक कम की गई है। कारोबारियों का मानना है कि इससे संचालन लागत घटेगी और आने वाले समय में ग्राहकों को भी इसका फायदा मिल सकता है।
शनिवार से लागू हुए नए रेट
देशभर में शनिवार से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें लागू कर दी गई हैं। मध्य प्रदेश में कीमतों में 190 से 194 रुपये तक की कमी दर्ज की गई है। नए रेट के अनुसार भोपाल में कमर्शियल सिलेंडर अब 2743 रुपये का मिलेगा। वहीं इंदौर में इसकी कीमत 2846 रुपये, जबलपुर में 2957 रुपये, ग्वालियर में 2963.50 रुपये और उज्जैन में 2908 रुपये तय की गई है।
होटल और कैटरिंग कारोबार को मिलेगी राहत
होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर लगातार महंगा होने से संचालन खर्च काफी बढ़ गया था। इसके चलते कई स्थानों पर खाने और कैटरिंग सेवाओं की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करनी पड़ी थी। अब सिलेंडर सस्ता होने से कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
तीन महीने पहले दाम में आई थी बड़ी तेजी
व्यापारियों के मुताबिक ईरान-अमेरिका तनाव के दौरान कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में तेज उछाल आया था। उस समय कई शहरों में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 3300 रुपये से अधिक पहुंच गई थी। जबकि इससे पहले इसकी कीमत करीब 1800 से 2000 रुपये के बीच थी।
रीवा सबसे महंगा, शाजापुर सबसे सस्ता
नए रेट के अनुसार रीवा में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2991.50 रुपये है। सिंगरौली और नरसिंहपुर में यह 2989.50 रुपये, जबकि सतना में 2989 रुपये का मिलेगा। दूसरी ओर शाजापुर में प्रदेश का सबसे सस्ता कमर्शियल सिलेंडर 2749.50 रुपये में उपलब्ध होगा।
- यह भी पढ़ें : Shahpur Theft Case: शाहपुर में 5 लाख की चोरी का बड़ा खुलासा, तीसरा आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख के जेवर बरामद
कैटरिंग की लागत पर पड़ा था असर
कैटरिंग कारोबारियों का कहना है कि गैस की बढ़ी कीमतों का सीधा असर आयोजनों की लागत पर पड़ा था। उनके अनुसार करीब 500 लोगों के लिए 5 लाख रुपये के भोजन आयोजन की लागत 45 से 50 हजार रुपये तक बढ़ गई थी। इसी वजह से कई कैटरर्स को प्रति प्लेट कीमत बढ़ानी पड़ी थी। अब कीमतों में आई कमी से खर्च कम होने की उम्मीद है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



