राइस मिल में ले जा रहे थे धान की जगह चावल, पुलिस ने पकड़ा आयशर ट्रक और पिकअप
◼️ विजय सावरकर, मुलताई
महाराष्ट्र से चावल भरकर ग्राम माजरी इटावा से गुजरने वाले जंगल के रास्ते से मुलताई की ओर आ रहे आयशर ट्रक और पिकअप जीप को पुलिस ने रविवार रात ग्राम मासोद में पकड़ा। वाहन चालकों ने बताया कि चावल हाईवे के परमंडल जोड़ के पास ग्राम वलनी की सीमा क्षेत्र में स्थित राइस मिल में पहुंचा रहे थे।
राइस मिल में धान की जगह चावल पहुंचाने के चलते मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। जिसके चलते रविवार रात में चावल की बोरी भरकर मार्ग से आ रहे आयशर ट्रक और पिकअप जीप को मासोद पुलिस चौकी में खड़ा कराया है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच की जा रही है।
मासोद पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विजय ठाकुर ने बताया कि महाराष्ट्र से माल वाहक वाहनों में चावल भरकर ग्राम माजरी इटावा मार्ग से अवैध रूप से परिवहन करने की सूचना मुखबिर से मिली थी। जिसके चलते पुलिस ने दोनों वाहनों को जांच करने हेतु रोका।
जांच के दौरान दोनों वाहन चालकों ने बताया महाराष्ट्र से चावल की बोरिया भरकर मुलताई के पास हाईवे पर परमंडल जोड़ के पास स्थित राइस मिल में पहुंचा रहे हैं। मामला संदिग्ध नजर आने के चलते दोनों वाहनों को पुलिस चौकी में खड़ा करा कर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी है। चौकी प्रभारी श्री ठाकुर ने बताया मामले की जांच खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा की जा रही है। जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद ही मामले का खुलासा होगा।
पुलिस थाने से पत्र मिला है। वाहन में भरे चावल के नमूने लेकर राज्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि चावल खाने योग्य है या नहीं।
शशि भारती
खाद्य सुरक्षा अधिकारी, बैतूल



