Betul Samachar Today : नींद के झोंके में चलती ट्रेन से गिरी युवती, आरपीएफ ने पहुंचाया अस्पताल; युवक ने की आत्महत्या
Betul Samachar Today: A girl fell from a moving train in a fit of sleep, RPF rushed her to the hospital; young man committed suicide

▪️ अंकित सूर्यवंशी, आमला
Betul Samachar Today : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में ट्रेन से यात्रा कर रही एक युवती नींद के झोंके में चलती ट्रेन से गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे आरपीएफ ने अस्पताल पहुंचाया। उधर कोतवाली थाना अंतर्गत एक युवक ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को आमला-छिंदवाड़ा रूट पर स्थित जंबाड़ा स्टेशन के उप स्टेशन प्रबंधक ने आरपीएफ थाना आमला को सूचना दी कि किलोमीटर नंबर 886/5 पर एक लड़की घायल पड़ी है। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक शिवरामसिंह, आरक्षक गोपाल सिंह के साथ सरकारी वाहन से तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके पश्चात 100 डायल वाहन से घायल युवती को महिला ट्रैकमेन की मदद से सिविल अस्पताल आमला में भर्ती कराया गया।
घायल युवती के परिजनों को उप निरीक्षक शिवराम सिंह ने सूचना देकर आमला बुलवाया। युवती की सहयात्री ने बताया कि घायल युवती का नाम राजवती उर्फ रज्जो भलावी उम्र करीब 24 वर्ष है। वह ग्राम पांडू पिपरिया, पोस्ट बिजौरी, तहसील तामिया, जिला छिंदवाड़ा की रहने वाली है।
युवती के अनुसार वे दोनों ट्रेन नंबर 19343 पेंचवेली एक्सप्रेस से सिहोर से परासिया जा रही थी। आमला रेलवे स्टेशन से निकलने के बाद वह बाथरूम जा रही थी। इसी बीच कोच का गेट खुला था। इसके चलते राजवती नींद में दरवाजे से सीधे चलती ट्रेन से नीचे गिर गई थी। आरपीएफ द्वारा तत्परता दिखाने से युवती को समय पर उपचार मिल गया और उसकी जान बच गई।
युवक ने अज्ञात कारणों से खाया जहर
उधर बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम झगड़िया निवासी एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक युवक रोहित पिता राकेश पवार (23) ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। युवक को परिजनों द्वारा उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस युवक के आत्महत्या मामले की जांच कर रही है।



