Navratri 2022 : सारनी के पाटाखेड़ा में विराजे शिव परिवार, कलाकार ने दिया इतना आकर्षक रूप कि श्रद्धालु बोले नंदी का न हो विसर्जन

सारनी (Betul Update)। बैतूल जिले के सारनी स्थित वार्ड क्रमांक 2 पाटाखेड़ा में शिव परिवार की अद्भुत प्रतिमा आर्कषण का केन्द्र बनी हुई है। दूर-दूर से दर्शन के लिए यहां श्रद्धालुओं की कतार लगी हुई है। शाम को होने वाली महाआरती में भी प्रतिमा की भव्यता आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। शिव परिवार की प्रतिमा को देखने के लिए सारणी एवं आसपास से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त पहुंच रहे हैं।
शिव परिवार में नंदी जी रथ को खींच रहे हैं तथा गणेश जी एवं कार्तिक जी रथ को चला रहे हैं। रथ पर माता पार्वती और शंकर जी बैठे हुए हैं। यह प्रतिमा सारनी के अजय प्रजापति द्वारा बनाई गई है। जिन्होंने मूर्ति को इतना भव्य रूप देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। देखा जाए तो अजय प्रजापति छोटी उम्र में बड़े कलाकारों की दौड़ में है। उनके द्वारा विशेष रूप से मूर्ति को तैयार किया गया है।
- यह भी पढ़ें: Mysterious Temple: चंडी माता के इस मंदिर में आरती करने आता हैं भालू का पूरा परिवार, प्रसाद खाकर निकल जाते जंगल में
समिति के सदस्यों ने भी मूर्तिकार अजय प्रजापति की प्रशंसा करते हुए बताया कि अजय प्रजापति ने एक वर्ष पहले ही मेहनत शुरू कर दी थी। साथ ही मूर्ति का कोई कॉपीराइट नहीं है। ये स्वयं के द्वारा बनाई गई है। शाम की आरती में अजय प्रजापति को निमंत्रण देकर समिति के सदस्यों ने उन्हें सम्मानित भी किया है। समिति में मुख्य सदस्य अतुल मालवीया, अंकित विश्वकर्मा, मनसंगी संस्थापक अमन राठौर मन, शिवम यादव इत्यादि शामिल हैं।



