बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

विधायक बोले- निम्र गुणवत्ता का हो रहा काम, कलेक्टर ने तत्काल रूकवाए

  • उत्तम मालवीय, बैतूल
    गुरुवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में सांसद डीडी उइके की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। बैठक में सारणी के पास सूखाढाना में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र में निर्माण कार्यों की निम्न गुणवत्ता पर आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने चिंता व्यक्त की। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस द्वारा तत्काल निर्माण एजेंसी से कार्य रूकवाने एवं गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के उद्योग विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए गए।

    इस बैठक में प्रधान जिला पंचायत सूरजलाल जावलकर, विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, विधायक बैतूल निलय डागा, विधायक घोड़ाडोंगरी ब्रह्मा भलावी, कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस, सीईओ जिला पंचायत अभिलाष मिश्रा सहित समिति के सदस्य उपस्थित थेे। बैठक में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित की जा रही नल-जल योजनाओं की गुणवत्ता के परीक्षण किए जाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में कहा गया कि योजनाओं में उपयोग की जाने वाली सामग्री मापदंडों के अनुरूप उत्तम गुणवत्ता की हो, यह सुनिश्चित किया जाएं। योजनांतर्गत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से भी समझौता न हो।

    बैठक में जिले के जिन क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता है, उनको चिन्हित कर वहां बीएसएनएल के टॉवर लगाने की कार्रवाई करने हेतु बीएसएनएल के जिला प्रबंधक को निर्देशित किया गया। ग्रीष्म काल को देखते हुए खराब हैंडपंपों की तत्समय मरम्मत सुनिश्चित करने हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए गए।

    दामजीपुरा क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा निजी ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली का उपयोग किए जाने संबंधी मुद्दा भी बैठक में चर्चा में आया। बिजली विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि यदि कोई इस तरह का कार्य कर रहा है तो तत्काल उसके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकता अनुरूप सड़कों का चयन करने के निर्देश विभागीय अधिकारी को दिए गए।

    स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए समिति ने जिला अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य सुविधाएं एवं कोविड केयर सेंटर की स्थिति की जानकारी ली। कृषि विभाग की तालाब योजना के अंतर्गत जल की कमी वाले क्षेत्रों में तालाबों का निर्माण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जैविक खेती एवं जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने भी विभाग को निर्देशित किया गया।

    जिला शहरी विकास प्राधिकरण अंतर्गत बैतूल नगर के गंज, कोठीबाजार एवं नेहरू पार्क तथा आमला नगर में सार्वजनिक प्रसाधन निर्माण पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा बैठक में जल जीवन मिशन, कृषि विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्युत विभाग, शहरी विकास प्राधिकरण, ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।

    जनप्रतिनिधि आंगनवाड़ी केन्द्रों को लेंगे गोद

    बैठक में उपस्थित प्रधान जिला पंचायत सूरजलाल जावलकर, विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, विधायक बैतूल निलय डागा, विधायक घोड़ाडोंगरी ब्रह्मा भलावी ने निर्णय लिया कि वे प्रत्येक विकासखंड में एडॉप्ट-एन-आंगनवाड़ी कार्यक्रम के तहत एक-एक आंगनवाड़ी केन्द्र गोद लेंगे एवं इनके बेहतर विकास के लिए कार्य करेंगे।

  • उत्तम मालवीय

    मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Back to top button