बैतूल अपडेट

Betul Murder Case: बैतूल में सनसनीखेज वारदात: युवक की हत्या कर डैम में पेड़ के ठूंठ से दबाया, लेन-देन को लेकर उठाया कदम

Betul Murder Case: Sensational incident in Betul: Youth murdered and buried with tree stump in dam, action taken over transaction

Betul Murder Case: बैतूल में सनसनीखेज वारदात: युवक की हत्या कर डैम में पेड़ के ठूंठ से दबाया, लेन-देन को लेकर उठाया कदम
Betul Murder Case: बैतूल में सनसनीखेज वारदात: युवक की हत्या कर डैम में पेड़ के ठूंठ से दबाया, लेन-देन को लेकर उठाया कदम

Betul Murder Case: बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में सेल्टिया जलाशय में मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मजदूरी के पैसों के विवाद में हुई इस हत्या में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को जलाशय में पेड़ के भारी तने के नीचे दबाकर छिपा दिया था, ताकि घटना का पता न चल सके। दूसरी और शाहपुर पुलिस ने अवैध कोयले से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है।

हत्या के मामले का तेजी से खुलासा

बैतूल पुलिस ने एक अंधे हत्या प्रकरण को तेजी से सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिले में गंभीर अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी मुलताई शिव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में बोरदेही पुलिस ने हत्या के इस मामले को सुलझाया।

जलाशय में संदिग्ध हालत में मिला था शव

15 मई 2026 को थाना बोरदेही पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कारोपानी के पास स्थित सेल्टिया जलाशय में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम बट्टी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर युवक का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला। शव को एक भारी पेड़ के तने के नीचे दबाया गया था। जांच के दौरान मृतक के सिर, गर्दन, गले और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दिए। बाद में मृतक की पहचान 22 वर्षीय राजू उईके निवासी ग्राम ढाकरवाड़ी, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि

डॉक्टरों द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में यह स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत गला दबाने और गंभीर चोटों के कारण हुई थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Betul Murder Case: बैतूल में सनसनीखेज हत्या, गला दबाकर युवक की ली जान, खेत में विवाद बना मौत की वजह

मजदूरी के पैसों को लेकर था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपियों के बीच मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने राजू उईके से रंजिश पाल रखी थी।

शादी समारोह के बाद हुई वारदात

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 13 मई 2026 को राजू उईके एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह आरोपियों के साथ मोटरसाइकिल से निकला था, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं पहुंचा।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों और लगातार पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने मिलकर पहले युवक के साथ मारपीट की और बाद में उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से सेल्टिया जलाशय में फेंककर उस पर भारी पेड़ का तना रख दिया गया।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस ने मामले में रुपेश पिता लखन कवडे निवासी ग्राम टुई ढाना सेल्टिया थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा, आयुष पिता त्रिलोक नर्रे निवासी ग्राम बामला थाना बोरदेही जिला बैतूल, तेजीलाल पिता तिलक उईके निवासी ग्राम ढाकरवाड़ी थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।

Betul Murder Case: बैतूल में सनसनीखेज हत्या, गला दबाकर युवक की ली जान, खेत में विवाद बना मौत की वजह

इन धाराओं में मामला दर्ज

थाना बोरदेही में अपराध क्रमांक 95/26 के तहत धारा 103(1), 238(क), 190, 191(2) और 191(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने हत्या जैसे गंभीर मामले का कम समय में खुलासा करने पर बोरदेही पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही भूमिका

पूरे मामले के खुलासे में एसडीओपी एस.के. सिंह, निरीक्षक राधेश्याम बट्टी, एएसआई मिंतलाल धुर्वे, प्रधान आरक्षक हरिराम डडोरे, प्रधान आरक्षक अनिल धुर्वे, आरक्षक रोहन, रामकिशन, विशाल, राधेश्याम कुमरे, संजू, भगवानदास, रोहित, किशोर, गोपाल और महिला आरक्षक आरती पवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शाहपुर पुलिस की कार्रवाई, अवैध कोयले से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

बैतूल जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती दिखा रही है। इसी अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोयला ले जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन से करीब तीन टन कोयला बरामद किया गया है।

अवैध कोयला परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई

Betul Murder Case: बैतूल में सनसनीखेज वारदात: युवक की हत्या कर डैम में पेड़ के ठूंठ से दबाया, लेन-देन को लेकर उठाया कदम

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी शाहपुर राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में शाहपुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी

थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमरे के नेतृत्व में उप निरीक्षक नीरज खरे को सूचना मिली थी कि तवा नदी क्षेत्र से ग्राम गुरगुंदा मार्ग के रास्ते एक नीले रंग की बिना नंबर वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध कोयला भरकर शाहपुर की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रास्ते में घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकला।

करीब 3 टन कोयला बरामद

पुलिस ने मौके पर खड़े बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाले नीले रंग के सोनालिका कंपनी के डीआई-42 इंटरनेशनल मॉडल ट्रैक्टर और ट्रॉली की तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रॉली में लगभग तीन टन कोयला भरा मिला। जब्त किए गए कोयले की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।

मामला दर्ज कर जांच शुरू

शाहपुर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और कोयले को जब्त कर लिया है। अज्ञात चालक के खिलाफ थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 243/26 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 303(2) बीएनएस और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविन्द कुमरे, उप निरीक्षक नीरज खरे, प्रधान आरक्षक कुंवरलाल नागले और आरक्षक सलमान शाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने लोगों से की अपील

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से अपील की है कि अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या डायल-100 को दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देशदुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button