Betul Illegal Mining Action: बैतूल में अवैध खनन और अतिक्रमण पर कड़ा एक्शन, 4 विभागों की संयुक्त कार्रवाई के आदेश
Betul Illegal Mining Action: Collector strict on illegal mining and encroachment in Betul, 4 departments will jointly take action, instructions also regarding Census 2027 and sports camp

Betul Illegal Mining Action: बैतूल जिले में अवैध खनन और अतिक्रमण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने साफ संकेत दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब कड़ा एक्शन होगा और किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला स्तरीय बैठक में समीक्षा
सोमवार को कलेक्ट्रेट में कलेक्टर डॉ. सोनवणे की अध्यक्षता में खनिज, श्रम और वन विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अवैध खनन, खनिजों के परिवहन और उनके भंडारण से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
संयुक्त कार्रवाई पर दिया जोर
कलेक्टर ने कहा कि जिले में कहीं भी अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण नहीं होना चाहिए। इसके लिए खनिज, राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग मिलकर कार्रवाई करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए एक स्थायी प्रोटोकॉल तैयार किया जाए, ताकि नियमित रूप से संयुक्त कार्रवाई हो सके।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके साथ ही अवैध रूप से चल रहे ईंट भट्टों पर भी कार्रवाई करने को कहा गया। ईंट भट्टों में कोयले के अवैध उपयोग पर भी निगरानी बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वन विभाग के मामलों की समीक्षा
बैठक में वन विभाग से जुड़े लंबित अतिक्रमण और विस्थापन मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन प्रकरणों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए और भारतीय वन अधिनियम की धारा 5 से 17 के तहत आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वन ग्रामों से संबंधित दावे और आपत्तियों के मामलों को भी पारदर्शी और तेज गति से निपटाने पर जोर दिया गया।
बाल श्रम पर भी सख्ती
कलेक्टर ने कहा कि जिले में कहीं भी बाल श्रमिकों का नियोजन नहीं होना चाहिए। इसके लिए श्रम विभाग और पुलिस विभाग को मिलकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह रहे मौजूद
इस बैठक में डीएफओ नवीन गर्ग, डीएफओ अरिहंत कोचर, अपर कलेक्टर वंदना जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और जिला खनिज अधिकारी मनीष पालीवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
- यह भी पढ़ें : Betul Agro Dealers Strike: बैतूल में कृषि आदान विक्रेताओं का बड़ा विरोध: हड़ताल के बाद अब अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी
स्व-गणना के लिए आमजन को प्रोत्साहित करने के दिए निर्देश
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने 27 अप्रैल को आयोजित टीएल बैठक में समस्त विभागों को आगामी जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना को व्यापक रूप से प्रोत्साहित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं स्वगणना पोर्टल se.census.gov.in पर आगामी 30 अप्रैल 2026 तक अपने विवरण को सरल, त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से दर्ज कर सकते हैं, जिससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि डेटा की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों एवं आमजन को स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें तथा अधिक से अधिक लोगों को इसमें सहभागिता के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को प्रक्रिया में कोई कठिनाई न हो। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि स्व-गणना से संबंधित प्रचार-प्रसार गतिविधियों को तेज किया जाए, जिससे जिले में इस अभियान को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया जा सके।
- यह भी पढ़ें : Betul Panchayat Payment Scam: बैतूल में करोड़ों के भुगतान पर उठे सवाल, बिना संसाधन वाले वेंडर को दी गई भारी भरकम रकम
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों का किया जाएं आयोजन
आरोह 2026 अंतर्गत ग्रीष्मकालीन खेलों के प्रशिक्षण शिविरों के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जिला खेल अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी आयोजन स्थलों पर खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि चिन्हित खेल मैदानों में साफ-सफाई, पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था नगर पालिका के माध्यम से कराई जाए। साथ ही शिविर स्थलों पर प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविरों का सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण मिल सके। उन्होंने महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएफओ नवीन गर्ग, डीएफओ अरिहंत कोचर, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, जिला खेल अधिकारी श्रीमती पूजा कुरील सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



