बैतूल जिला अपडेट

Betul Accident News : स्टेट हाईवे पर ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, दो युवकों की दर्दनाक मौत, दो घायल; आग में झुलसी गर्भवती महिला के बच्चे की मौत

Betul Accident News : स्टेट हाईवे पर ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, दो युवकों की दर्दनाक मौत, दो घायल; आग में झुलसी गर्भवती महिला के बच्चे की मौत

Betul Accident News : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-परासिया स्टेट हाईवे पर बुधवार सुबह रेत से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर घायल हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एक अन्य घटना में घर में काम करते समय एक गर्भवती महिला आग में झुलस गई। अस्पताल में उसने एक बच्चे को जन्म दिया। लेकिन, बच्चा मृत अवस्था में जन्मा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर ड्राइवर सोनू ककोडिया (19) निवासी खमालपुर थाना रानीपुर बुधवार सुबह 8 बजे के लभग ट्रैक्टर ट्रॉली में रेत भरकर अपने 3 साथियों राजेंद्र चौहान (18) निवासी रैयतवाड़ी खोखरा, सतीश (22) निवासी रैयतवाड़ी खोखरा एवं रिंकू काजले (19) वर्ष निवासी रैयतवाड़ी खोखरा के साथ बैतूल-परासिया स्टेट हाईवे से जा रहा था। इसी दौरान महारुख नदी के पास सामने से आ रही बाइक को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में सतीश और रिंकू काजले निवासी रैयतवाड़ी खोकरा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दो अन्य युवकों को गंभीर चोटें आई है।

हादसे के बाद घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। जहां पर डॉक्टर द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है। वहीं दोनों शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घर का काम कर रही गर्भवती महिला आग में झुलसी

अपने घर में काम कर रही एक गर्भवती महिला चूल्हे की आग में झुलस गई। उसे परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी डिलेवरी हुई, जिसमें मृत अवस्था में बच्चा हुआ है। महिला का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार  संगीता कासदे उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम ढोडरामोह थाना शाहपुर कल शाम 4 बजे के आसपास अपने घर में काम कर रही थी। इसी बीच चूल्हे की आग से महिला की साड़ी में अचानक आग लग गई। जिसमें महिला बुरी तरह से झुलस गई।

इसकी जानकारी परिजनों को लगी तो परिजनों ने इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस से महिला को जिला अस्पताल लाया और भर्ती करवाया। महिला की जिला अस्पताल में डिलीवरी हो गई जिसमें बच्चा मृत अवस्था में पैदा हुआ। परिजनों ने बताया कि जिस समय या घटना घटित हुई तब घर में कोई नहीं था और महिला 9 माह की गर्भवती थी। आग में महिला पैर से लेकर कमर तक झुलस गई है और अस्पताल में भर्ती महिला की अचानक हुई डिलीवरी के बाद बच्चा मृत अवस्था में पैदा हुआ जो कुछ जगहों से झुलसा हुआ था। फिलहाल महिला का जिला अस्पताल बैतूल में डॉक्टर द्वारा उपचार जारी है।

Related Articles

Back to top button