VD Sharma’s attack on Congress : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा बोले- कांग्रेसियों की रगों में आज भी दौड़ रहा अंग्रेजों का खून…

▪️ सोनू सोनी, सारणी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा (Vishnudutt Sharma) गुरूवार को नगर पालिका चुनाव को लेकर सारणी पहुंचे। यहां उन्होंने सारणी भाजपा मंडल कार्यालय में नगर पालिका स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन (Municipal level worker conference) को संबोधित किया। सम्मेलन के दौरान ही विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे (MLA Dr. Yogesh Pandagre) नगर में कराए गए बिजली संबंधी कार्यों का ब्योरा दे रहे थे। उसी बीच बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होते ही सभा में उपस्थित लोगों के साथ ही मंचासीन पदाधिकारी भी ठहाके लगाने को मजबूर हो गए।
इधर प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने इस मौके पर कहा कि सारणी में नगर पालिका चुनाव तो हम जीत ही रहे हैं, लेकिन यहां के पूरे 75 बूथ जीत कर चुनाव में इतिहास रचना है। इसके लिए हमारे कार्यकर्ता एक-एक घर तक जाकर संपर्क करें। हर घर में किसी ना किसी योजना से लाभान्वित हितग्राही निवास करते हैं। हम उन तक पहुंच कर अपनी बात रखें। वह भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए तैयार बैठा है। गरीब कल्याण की तमाम योजनाओं के दम पर हमें हर बूथ पर न्यूनतम 51 प्रतिशत वोट प्राप्त करना है।

सम्मेलन के दौरान मंच पर क्षेत्रीय सांसद दुर्गादास उइके, जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, चुनाव प्रभारी भरत सिंह राजपूत, जिला महामंत्री द्वय कमलेश सिंह, सुधाकर पंवार, मंडल अध्यक्ष नागेंद्र निगम, पूर्व जिलाध्यक्ष बाबा मकोड़े, रंजीत सिंह , विशाल बत्रा, कांति यादव, सुधा चंद्रा, पी जे शर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष भीम बहादुर थापा सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा लागू की गई गरीब कल्याण की विभिन्न योजनाएं हमारी ताकत हैं। भाजपा की सरकारों ने इन योजनाओं के माध्यम से गरीबों का जीवन बदलने और जीवन बचाने का काम किया है। आजादी के बाद देश में 55 वर्षों तक कांग्रेस की सरकारें रही है लेकिन गरीब कल्याण के कामों से वे हमेशा दूर रहे।

आयुष्मान कार्ड के माध्यम से गरीबों के लिए पांच लाख तक का मुफ्त इलाज करने की व्यवस्था कर गरीबों का जीवन बचाने का काम अगर किसी ने किया है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है। गरीब बहनों को उज्जवला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन देखकर उनके स्वास्थ्य की चिंता करने का काम भी हमारी सरकार ने किया है।
- Read Also : gang rape of innocent girl : जंगल में ले जाकर महज 6 साल की मासूम से गैंग रैप, कोतवाली थाना क्षेत्र की घटना
आजादी के 75 वर्ष होने को आए, लेकिन अभी तक गरीब झोपड़ी में ही रहता था उनकी झोपड़ी को पक्के मकान में बदलने का काम कोई कर रहे हैं तो वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है। ऐसी अनेकों योजनाओं से लाभान्वित कोई ना कोई हितग्राही प्रत्येक घर में मौजूद है। हमारे कार्यकर्ता इन हितग्राहियों का आशीर्वाद प्राप्त कर नगर पालिका चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कराएंगे ऐसा मुझे पूर्ण विश्वास है।

विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे
श्री शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं। विकास अगर कोई करा सकता है तो वह भारतीय जनता पार्टी ही करा सकती है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि चाहे पावर प्लांट की बात हो या कोयला खदानों की बात हो या विकास के अन्य मुद्दे हो, मैं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नाते भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों का साथ दूंगा और सारणी के विकास में कोई कमी नहीं आने दूंगा।
फूट डालो और राज करो की नीति
श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पास विकास की ना तो कोई नीति है और ना ही उनकी नीयत है। वे तो केवल झूठ बोलना जानते हैं। कांग्रेसियों की रगों में अभी भी अंग्रेजों का खून (British blood still in the veins of Congressmen) है जो फूट डालो और राज करो की नीति पर काम करते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उपस्थित कार्यकर्ताओं सहित जनता से आह्वान किया कि कांग्रेसियों की झूठ फरेब की राजनीति से सावधान रहते हुए सारणी नगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों को जिताएं और क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त करें।
जगह-जगह किया गया स्वागत
सम्मेलन को सांसद श्री उइके, विधायक डॉ. पंडाग्रे और जिलाध्यक्ष श्री शुल ने भी संबोधित किया। संचालन जिला महामंत्री कमलेश सिंह एवं आभार प्रदर्शन सुधाकर पंवार ने किया। सारणी पहुंचने के पूर्व घोड़ाडोंगरी से सारणी के बीच घोड़ाडोंगरी में पूर्व संसदीय सचिव रामजीलाल उइके के निवास पर घोड़ाडोंगरी मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा, सलैया में मुख्य मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा, बागडोना कॉलेज गेट पर भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला के नेतृत्व में बाइक रैली के साथ युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा, बागडोना में ही पार्षद प्रत्याशी दशरथ सिंह जाट टनाटन के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं द्वारा, हवाई पट्टी के निकट व्यापारियों द्वारा, और शोभापुर एवं कालीमाई स्टॉप,पाथाखेड़ा तिगड्डा, सारणी एक नंबर गेट और जयस्तंभ चौक पर भाजपा प्रत्याशियों एवं महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का जबरदस्त स्वागत किया गया।



