Protest in DFO office: ज्ञापन लेने नहीं आए कोई अधिकारी तो दफ्तर में ही धरने पर बैठे जिपं सदस्य और दर्जनों ग्रामवासी

▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल
Protest in DFO office: जिला पंचायत सदस्य रामचरण इरपाचे के नेतृत्व में अपनी समस्या लेकर बागवानी सहित अन्य वनग्रामों के दर्जनों ग्रामीण मंगलवार को वन विभाग के डीएफओ (दक्षिण) कार्यालय बैतूल पहुंचे। यहां उनका ज्ञापन लेने या समस्या सुनने कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। इस पर जिपं सदस्य और ग्रामीण कार्यालय परिसर में ही धरने पर बैठ गए। दोपहर 3.30 बजे तक भी उनका ज्ञापन नहीं लिया जा सका था।
जिला पंचायत सदस्य श्री इरपाचे के नेतृत्व में बागवानी और अन्य वनग्रामों के दर्जनों ग्रामीण आज बैतूल पहुंचे थे। वे वन ग्राम को राजस्व ग्राम बनाए जाने और वन अधिकारी पट्टों के रिकॉर्ड दुरूस्त करवाने की मांग लेकर आए थे। वे अपनी समस्या लेकर दक्षिण वन मंडल के डीएफओ कार्यालय गए।
करीब 100 किलोमीटर दूर से आए ग्रामीण जब जनसुनवाई के दिन कार्यालय पहुंचे तो वहां ज्ञापन लेने और उनकी समस्या सुनने कोई अफसर मौजूद नहीं था। काफी देर इंतजार के बाद भी जब कोई अधिकारी नहीं आया तो वे कार्यालय में ही धरने पर बैठ गए। दोपहर 3.30 बजे तक भी उनका ज्ञापन नहीं लिया जा सका था। इसके चलते वे धरने पर ही बैठे हुए हैं।

जिला पंचायत सदस्य और ग्रामीणों ने उनकी समस्या के संबंध में बताया कि वनग्राम बागवानी, ठेसका, बैरमठाना, आमठाना, छिंदवाड़, पलासपानी, पाट, मातका, टाकी में वन विभाग द्वारा हितग्राहियों को जो वनाधिकार के पट्टे दिये गये हैं, उनमें बहुत अधिक गड़बड़ी है। इनमें किसी हितग्राही को कम जमीन तो किसी को ज्यादा जमीन प्रदान की गई है। मौके के अनुसार नक्शा दुरुस्त नहीं किया गया, जिसमें हमें शासन की योजनाओं का लाभ लेने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे हितग्राही शासकीय योजनाओं से वंचित रह जाते हैं।
- यह भी पढ़े: हटाई जाएंगी चार लापरवाह आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं, पंचायत सचिव को निलंबित करने के निर्देश, वसूल होगी पेंशन राशि
वन विभाग के कर्मचारियों/अधिकारियों द्वारा ग्राम में एक जगह बैठकर उक्त वनाधिकार के पट्टे वितरित किये गये हैं। ग्रामीणों की मांग है कि पुन: मौका मुआयना कर व सर्वे करवाकर निष्पक्ष रूप से समस्त हितग्राहियों को बराबर-बराबर हिस्से की भूमि प्रदान कर पुन: पट्टे वितरित किए जाएं, जिसमें सभी को समान अधिकार प्राप्त हो सके। साथ ही उनकी समस्याओं का समाधान भी हो सके।



