देश/विदेशबड़ी खबरेंबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

Highway fir band : बैतूल में झमाझम जारी, रात एक बजे से फिर हाईवे बंद, घोड़ाडोंगरी में 10 इंच वर्षा, दो घंटे में 14.17 फीसद मतदान

फोटो और वीडियो : पिंकू शुक्ला, शाहपुर

▪️ नवील वर्मा, शाहपुर
बैतूल जिले में झमाझम बारिश लगातार जारी है। रात भर से जिले भर में तेज बारिश हो रही है। जिसके चलते नदी-नाले फिर उफान पर हैं। माचना नदी में बाढ़ के चलते रात एक बजे से फिर बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे पर यातायात ठप है। खतरनाक बाढ़ से माचना नदी में कटाव भी होने लगा है। बीते 24 घंटे में जिले में 114.9 बारिश हुई है। वहीं घोड़ाडोंगरी और चिचोली ब्लॉक में बारिश के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं।

शुरुआती दिनों में इंद्रदेव ने बैतूल के प्रति थोड़ी बेरुखी दिखाई। लेकिन, अब जिले पर वे पूरी तरह से मेहरबान हो गए हैं। यही कारण है कि पूरा जिला पिछले दो दिनों से पानी-पानी हो गया है। सोमवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश मंगलवार दोपहर तक जारी रही। दिन में थोड़ी राहत मिलने के बाद मंगलवार रात में फिर तेज बारिश शुरु हो गई। बुधवार भी तेज बारिश चालू है।

यह भी पढ़ें… दर्दनाक हादसा : बाढ़ में बही स्कार्पियो, छह लोग थे सवार, तीन के शव मिले, मुलताई के दातोरा गांव का है परिवार

रात में हुई भारी बारिश के कारण माचना नदी एक बार फिर उफान पर है। यही कारण है कि शाहपुर में पुल के ऊपर से बाढ़ चल रही है। इसके चलते रात एक बजे से बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे पर यातायात फिर बंद पड़ा है। मंगलवार दोपहर एक बजे से भी यातायात बंद था। जो रात 8 बजे के करीब शुरू हो पाया था। कुछ घंटों के बाद यातायात फिर ठप पड़ गया। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अन्य कई मार्गों पर भी यही हाल हैं। नीचे दी गई लिंक में देखें उफनती माचना नदी का वीडियो…

https://youtu.be/cs1VC_6sMxU

नदी किनारे का शौचालय बहा

माचना नदी लगातार रौद्र रूप दिखा रही है। दो दिनों से चल रही भीषण बाढ़ के कारण नदी में कटाव भी होने लगा है। यही कारण है कि शाहपुर में नदी किनारे रहने वाले संजय जांगड़े के मकान के पीछे बना शौचालय कटाव की चपेट में आकर बह गया है। बाढ़ इसी तरह बनी रही तो और भी लोगों का नुकसान होने से इंकार नहीं किया जा सकता।

कुंडी अंडरब्रिज जलमग्र, दीवार गिरी

शाहपुर के कुंडी में आवागमन के लिए बनाए गए अंडरब्रिज में फिर पानी भर गया है। यह पूरी तरह से जलमग्र हो गया है। ऐसे में यहां से आवाजाही बिल्कुल संभव नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बाद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अंडरब्रिज की दीवार भी ढह गई है। इसके चलते लोग कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।

हो चुकी अभी तक आधी बारिश

लगातार हो रही बारिश के मिजाज से ऐसा लग रहा है कि जुलाई के महीने में ही पूरे मौसम का कोटा पूरा हो जाएगा। आज सुबह तक ही जिले में 490.5 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। यह जिले की कुल बारिश की लगभग आधी है। पिछले साल आज तक केवल 268.8 मिलीमीटर बारिश हुई थी। जिले की औसत सामान्य बारिश 1083.9 मिलीमीटर है। विगत 24 घंटे में घोड़ाडोंगरी में 250 और चिचोली में 232.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। भीमपुर, शाहपुर और बैतूल में भी अच्छी बारिश हुई। (देखें चार्ट)

यह भी पढ़ें… National highway band : माचना नदी उफान पर, दोनों नेशनल हाईवे बंद, अंडरब्रिज भी हुए लबालब, घरों में घुसा पानी

चुनाव पर पड़ेगा खासा असर

आज जिले के 4 नगरीय निकायों में दूसरे चरण के चुनाव हो रहे हैं। इसी तरह बारिश जारी रही तो मतदान के प्रतिशत पर खासा असर पड़ेगा। लोगों को बारिश से अपने मकान और सामान को बचाने की चिंता ज्यादा सता रही है। ऐसी कोई स्थिति नहीं हो तो भी बरसते पानी में लोगों को घर से निकाल कर मतदान केंद्र तक लाना बड़ा मुश्किल काम होगा।

दो घंटे में 14.17 प्रतिशत मतदान

जिले के 4 नगरीय निकायों में सुबह के शुरूआती 2 घंटों में 14.17 प्रतिशत मतदान हुआ है। नगर परिषद बैतूल बाजार, भैंसदेही, घोड़ाडोंगरी और नगर पालिका मुलताई में चुनाव हो रहे हैं। सुबह 7 से 9 बजे तक बैतूल बाजार में 15.86 प्रतिशत, भैंसदेही में 11.43 प्रतिशत, घोड़ाडोंगरी में 25.59 प्रतिशत और मुलताई में 11.56 प्रतिशत मतदान हुआ है। इन निकायों में 80 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न हो रही है।

जिले में बारिश की स्थिति

विकासखंडआज अभी तकपिछले साल
बैतूल140.2452.2270.0
घोड़ाडोंगरी250.0895.5362.5
चिचोली232.5571.9240.2
शाहपुर183.0576.5368.2
मुलताई14.2422.4216.6
प्रभातपट्टन29.3336.3140.8
आमला43.0431.0183.0
भैंसदेही47.0398.0402.0
आठनेर14.3266.0253.6
भीमपुर195.0555.0251.0
जिले की औसत114.9490.5268.8

नोट : बारिश के आंकड़े 13 जुलाई की सुबह 8 बजे तक के हैं। आंकड़े मिलीमीटर में हैं।

यह भी पढ़ें… Alert : भारी बारिश से बरेठा घाट में धंसक रहा हाईवे, सफ़र करते समय सावधानी बरतना जरुरी, विशेष अनुमति मिलने पर शुरू हुई मरम्मत

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button