train me bomb : जयपुर एक्सप्रेस में बम की सूचना, इटारसी में खाली कराई ट्रेन, सर्चिंग जारी, यात्रियों में हड़कंप
▪️ मंगेश यादव, इटारसी
जयपुर से सिकंदराबाद जा रही ट्रेन क्रमांक 19713 जयपुर एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिली है। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। इटारसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर ट्रेन और पूरे प्लेटफॉर्म को खाली करा लिया है। ट्रेन की सर्चिंग की जा रही है। आरपीएफ-जीआरपी के अलावा पुलिस के आला अफसर भी मौके पर पहुंच गए हैं। खबर लिखे जाने तक कोई विस्फोटक सामग्री ट्रेन से नहीं मिली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में टॉयलेट की खिड़की पर एक पर्ची चिपकी थी। इस कोच में सफर कर रहे एक यात्री को यह पर्ची नजर आई। पर्ची पर ट्रेन के एसी कोच में बम रखा होने की बात लिखी थी। यह पर्ची मिलते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई। इटारसी आने से पहले ही रेलवे कंट्रोल को खबर कर दी गई।

दोपहर 11.58 बजे ट्रेन इटारसी प्लेटफॉर्म पर पहुंची। उससे पहले ही यहां आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया था। ट्रेन के इटारसी पहुंचते ही पूरी ट्रेन खाली करा ली गई। प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 के साथ ही फुट ओवरब्रिज भी खाली करा लिया गया है। यात्रियों को अन्य प्लेटफॉर्म पर भिजवा दिया गया।

नर्मदापुरम एसपी गुरूकरण सिंह भी रेलवे पहुंचे। डॉग एवं बम स्क्वाड की मदद से पूरी ट्रेन खंगाली जा रही है। अभी तक ट्रेन में कोई भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। हालांकि रेलवे और पुलिस प्रशासन द्वारा पूरी एहतियात बरती जा रही है। इटारसी के सरकारी अस्पताल, रेलवे अस्पताल और अनुबंधित नर्मदा अपना अस्पताल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। देखें वीडियो…
इस ट्रेन में बैतूल के भी कई यात्री सवार है। बैतूल निवासी आलोक वर्मा ने बताया कि बम की सूचना से यात्रियों में भारी दहशत है। सभी यही प्रार्थना कर रहे हैं कि यह खबर गलत और महज अफवाह साबित हो। फिलहाल ट्रेन की सर्चिंग चल रही है और अभी तक कोई विष्फोटक सामग्री नहीं मिली है। इधर ट्रेन में बम होने की सूचना मिलने पर परिजन उन लोगों से लगातार जानकारी ले रहे हैं जो लोग ट्रेन में सफर कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें… Yuvati ki hatya : आमला की युवती की हत्या, काटोल में मिला शव, चार दिनों से थी लापता, एक संदिग्ध से पूछताछ



