CCTV footage : अस्पताल के सामने फेंक गए युवक का शव, परिजन बोले बनाया था बंधक, एक लाख फिरौती भी ली, फिर भी कर दी हत्या
बैतूल। गुरुवार-शुक्रवार की रात में कुछ लोग एक युवक को बैतूल के राठी अस्पताल के सामने फेंक गए। इस मामले में मृत युवक के परिजनों ने सनसनी खेज खुलासा किया है। उनके मुताबिक पहले युवक को बंधक बनाया गया। उसके बाद फिरौती के रूप में एक लाख रुपए लिए गए। इसके बावजूद युवक की हत्या कर दी गई। इस मामले में कोतवाली थाना बैतूल में मर्ग कायम कर डायरी जांच के लिए भैंसदेही थाना भेजी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भैंसदेही निवासी साजिद सौदागर को कुछ आरोपियों ने पहले बंधक बनाया। उसके परिवार से एक लाख रुपये की मांग की। पैसे लेने के बाद रात में साजिद के साथ मारपीट कर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसका शव बैतूल में लिंक रोड स्थित राठी अस्पताल के पास छोड़कर भाग निकले। उसे कार से अस्पताल लाने वाले युवक अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गौर हैं। देखें वीडियो…
यह भी पढ़ें… Attack on Police : सब इंस्पेक्टर के सिर पर मारी बोतल, वर्दी फाड़ी; पुलिस टीम पर फिल्मी स्टाइल में हमला
मृतक के भाई शेख शाकिर का कहना है कि कुछ युवकों ने साजिद को जबरन उठा लिया था। उसके बाद पैसों की मांग की थी। उसके साथ काफी मारपीट की। उसकी जान बचाने फिरौती की राशि एक लाख रुपये परिजनों ने दे दी। उसके बाद भी आरोपियों ने साजिद की हत्या कर दी। शेख शाकिर का कहना है कि इस घटना में परतवाड़ा के कुछ लोग भी शामिल हैं। जिन्होंने पहले भी हमें झूठी रिपोर्ट कर फंसाने की कोशिश की थी। मारने की धमकी भी दी थी। इस पूरे मामले में कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
इस संबंध में भैंसदेही टीआई सतीश अंधवान ने बताया कि कोतवाली बैतूल में जीरो पर घटना का मर्ग कायम किया गया है। आरोपियों की तलाश में भैंसदेही पुलिस अमरावती के लिए निकल चुकी है। फिरौती की बात परिजन कह तो रहे हैं, लेकिन आरोपियों से पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें… गर्भवती महिला की मौत : जिला अस्पताल में भिड़े दोनों पक्ष, जमकर चले लात-घूंसे, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप



