बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

stopped MP’s vehicle : आदर्श दनोरा में महिलाओं ने रोका सांसद का वाहन, जल संकट को लेकर जमकर जताया आक्रोश

◼️ उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले के कई क्षेत्र भारी जल संकट का सामना कर रहे हैं। इसके चलते क्षेत्रवासी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष अपना आक्रोश जता रहे हैं। पिछले दिनों सांसद डीडी उइके का वाहन नांदा के पास एक गांव में रोक लिया गया था। मंगलवार को एक फिर उन्हें भीमपुर के आदर्श धनोरा में उसी तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा। यहां भी महिलाओं ने उनका वाहन रोक कर उनके समक्ष जमकर आक्रोश जताया।

सांसद श्री उइके आज भीमपुर पुलिस चौकी के नए भवन का शुभारंभ करने भीमपुर गए थे। इस दौरान वे दो दिन पहले हादसे में मृत महिलाओं और बच्चों के परिजनों को सांत्वना देने उनके घर भी पहुंचे। वहां से जब वे लौट रहे थे तभी आदर्श धनोरा की महिलाओं ने उनके वाहन को रोक लिया।

यहां महिलाओं ने पानी के लिए हो रही परेशानी बताई। महिलाओं ने बताया कि वर्ष 2001 में बनी पानी की टंकी ऊंचाई पर नहीं होने से आधी बस्ती में ही पानी पहुंच पाता है। आधी बस्ती को पानी ही नहीं मिल रहा। हाल ही में बिछाई गई 36 लाख की पाइप लाइन से भी राहत नहीं मिल रही है।

इसकी वजह यह है कि जल स्तर नीचे जा चुका है। नल जल योजना के ट्यूबवेल पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहे हैं। वहीं हैंडपंपों ने भी पानी उगलना बंद कर दिया है। ऐसे में नए ट्यूबवेल का खनन और पानी की टंकी ऊंचे स्थान पर बनवा कर पर्याप्त पानी सभी जगह मुहैया कराया जाएं। देखें वीडियो…

इस पर सांसद ने उन्हें अधिकारियों से चर्चा कर हल निकालने की बात कही। यह सुनते ही महिलाओं ने तपाक से कहा कि उन्हें चर्चा नहीं बल्कि पानी चाहिए। महिलाओं ने इस दौरान काफी आक्रोश जताया। इसके बाद सांसद अधिकारियों से चर्चा करने की बात कहकर वहां से चले गए।

इधर महिलाओं का कहना है कि उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। ऐसे में पता नहीं उन्हें कब तक पानी के लिए परेशानी झेलना पड़ेगा। गौरतलब है कि कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस द्वारा बार-बार सख्त हिदायत देने के बावजूद पीएचई विभाग सभी क्षेत्रों में पानी की सुचारू व्यवस्था नहीं कर पा रहा है। नतीजतन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को जन आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।

Road Block : सड़क पर बर्तन रख कर पानी के लिए महिलाओं ने रोका सांसद का रास्ता, गृह ग्राम के पड़ोस में ही हाल बेहाल

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button