Missing: ससुराल से गायब हुई विवाहिता, माता-पिता ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप, जताई हत्या की आशंका

बैतूल जिला मुख्यालय के समीप स्थित खेड़ी सांवलीगढ़ के आखतवाड़ा निवासी आदिवासी एक परिवार की चिचोली क्षेत्र में ब्याही बेटी अचानक गायब हो गई है। इस मामले में पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए हत्या किए जाने का संदेह जताया है। मायके पक्ष ने मामले की शिकायत एसपी (SP) ऑफिस और चिचोली थाना प्रभारी से कर मामले की उचित जांच और अपनी बेटी का पता लगाने की गुहार लगाई है।
मुन्ना कवडे और पत्नी रुन्दी कवडे ने बताया कि उनकी पुत्री सविता का विवाह 11 फरवरी 2022 को चिचोली थाना अंतर्गत झीटूढाना निवासी सजय उइके पिता मुन्ना उइके के साथ सम्पन्न हुआ। विवाह में संजय को गृहस्थी का सारा सामान दिया गया। लेकिन फिर भी पुत्री सविता के अनुसार उसे सिलाई मशीन घर से लाने के लिए पति संजय उइके और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा बार-बार कहा जाने लगा।
इसलिए दामाद संजय उसे हमेशा पीटते रहता था। वह कहता था तू मुझे पसंद नहीं है। मैं तुझे नहीं रखूंगा। सविता से उसकी माँ रुन्दी की आखरी बार बात 22 मार्च को हुई। उसके बाद फिर बात नहीं हो पाई। इसके बाद फिर दामाद संजय ने बताया कि तुम्हारी बेटी सविता कहीं गुम हो गई है।
पुत्री सविता के गुम होने और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए गुम हुई सविता की माँ रुन्दी और पिता मुन्ना कवडे ने पुलिस अधीक्षक बैतूल और थाना प्रभारी चिचोली को आवेदन पत्र देकर मामले की उचित जांच की मांग की है। साथ ही आशंका जाहिर की है कि कहीं ससुराल पक्ष के लोगों ने पति संजय के साथ मिलकर हमारी बेटी की हत्या तो नहीं कर दी।
इस मामले में शिकायत मिली है। संबंधितों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल गुमशुदगी दर्ज कर पतासाजी की जा रही है। जांच में जो भी पाया जाएगा, उसके अनुसार आगे कार्यवाही की जाएगी।
अजय सोनी
टीआई, चिचोली



