खुशखबरी: रेलवे ने शुरू की एमएसटी सुविधा, अप-डाउनर्स को राहत

लंबे समय से सीजन टिकट (एमएसटी) की सुविधा शुरू होने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए खुशखबरी है। रेलवे ने कोरोना महामारी के चलते लंबे समय से बंद पड़ी यह सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है।
मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राम पॉल बरपग्गा ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि रेल उपयोगकर्ताओं की मांगों और कोविड के प्रतिबंधों में ढील को देखते हुए रेलवे ने अनारक्षित यात्री ट्रेनों में सीजन टिकटों की बिक्री की अनुमति देने का निर्णय लिया है। सीजन टिकट जारी करने के लिए रेलवे के दिशा निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
इसके तहत सीजन उन्हीं को दिया जाएगा जो पूरी तरह से टीकाकृत हैं, ऐसे यात्री के पास यूनिवर्सल ट्रैवल पास है या फिर कोई भी व्यक्ति जिसे मेडिकल कंडीशन है, उसे वैक्सीन लेने की अनुमति नहीं है और उसके पास किसी मान्यता प्राप्त डॉक्टर से प्रमाण पत्र है। सीजन टिकट धारकों को अनारक्षित डिब्बों में यात्रा करने की अनुमति है। उनके लिए अलग से कोई कोच नहीं है। यात्रा के दौरान कोविड-19 के संबंध में राज्य और केंद्र सरकार के प्रोटोकॉल का पालन किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि सीजन टिकट की सुविधा बंद होने से उन यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिन्हें नौकरी या व्यापार-व्यवसाय के सिलसिले में डेली अप-डाउन करना होता है। सीजन टिकट से यात्रा सस्ती पड़ती है, जबकि रोजाना टिकट लेकर यात्रा करना बेहद महंगा साबित होता है। यह सुविधा शुरू होने से ऐसे यात्रियों को खासी राहत महसूस होगी।



