बैतूल के कोसमी डैम पर फोटो शूट कर रहे युवक की पीठ में चाकू घोंपा

बैतूल। बैतूल के कोसमी डैम पर मंगलवार की दोपहर में कुछ युवाओं के बीच हिंसक विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक की पीट में चाकू घोंप दिया गया। घायल युवक को जिला अस्पताल से गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंकज कड़वे निवासी माँझीनगर और रोशन उर्फ छल्ला इवने निवासी खंजनपुर अपने दोस्तों के साथ कोसमी डैम पर फोटो शूट के लिए गए हुए थे। इसी बीच एक्सेल गैंग के 8 से 10 लड़के भी वहां आ गए। इस गैंग के लड़कों ने पंकज के साथ हौस पाइप से मारपीट की।
बीच-बचाव करने आए रोशन के साथ भी हौस पाईप से मारपीट की। इस बीच उसकी पीठ में छुरा घोंप दिया। घटना के बाद रोशन उर्फ छल्ला बेहोश हो गया। जिसे पंकज ने अपने साथी के साथ राठी हॉस्पिटल ले गया। वहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया।
पंकज ने बताया कि इस घटना में मारपीट और चाकूबाजी में 8 से 10 लोगों ने मारपीट की है। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने रोशन को भोपाल रेफर कर दिया है। घटना के कारणों का अभी पता नही लग सका है। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की जानकारी ले रही है।



