ग्रामीणों का आरोप- रेलवे ने स्थान परिवर्तित कर बना दिया अंडर ब्रिज

बैतूल के शाहपुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत कुंडी में इन दिनों अंडर ब्रिज (Under bridge)का मुद्दा गरमाया हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे द्वारा नियम अनुसार ब्रिज का निर्माण नहीं किया गया है। रेलवे स्थान परिवर्तित कर अंडर ब्रिज बना दिया है। तय मापदंड के अनुसार इसमें कोई काम नहीं किया गया। जिससे आने वाले भविष्य में ग्रामीणों को कई गंभीर समस्याओं से जूझना पड़ेगा। इस संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा विगत दिनों रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर इस स्थिति से अवगत कराया जा चुका है बावजूद अब तक रेलवे द्वारा अंडर ब्रिज से पानी निकासी के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है।
जनसुनवाई में पहुंचा अंडर ब्रिज का मुद्दा
ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर इस मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की है अब कुंडी के ग्रामीण प्रशासन के कार्यवाही का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों को आस है कि प्रशासन 25 गांव की गंभीर समस्या का निराकरण जल्द से जल्द करें। कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि रेल्वे गेट क्रमांक 240 से ग्राम पंचायत कुण्डी में ग्राम कुण्डी, कामठी, मरदानपुर, कुसमरी, दौड़ी, भुमकाढाना, बाकाखोदरी सहित आस-पास के करीब 25 ग्रामों के ग्रामीणों का आवागमन हो रहा है।
रेल्वे विभाग द्वारा केन्द्र सरकार के आदेशानुसार गेट बंद किया जाना है। ग्राम पंचायत ने निर्णय लिया है कि गेट क्रमांक 240 में अंडर ब्रिज का निर्माण किमी. 798/0 के आस-पास 5 मीटर ऊँचाई एंव 5 मीटर चौड़ाई एप्रोच रोड 25 मीटर दोनों ओर निर्माण, साथ ही वर्षा जल निकासी के लिए डाऊन साईड में निर्माण हो जिससे ग्रामीणों को भविष्य में बोरिंग मशीन, हाईवेस्टर आदि समस्त प्रकार के वाहनों को लाने ले जाने में परेशानियों का सामना ना करना पड़े।
अनुपयोगी साबित होगा अंडर ब्रिज
ग्रामीणों ने बताया कि विभाग द्वारा यह अन्डर ब्रिज किमी. 798/0 का स्थान परिवर्तन कर किमी. 798/300 पर बना दिया गया है जो अनुचित है। यहां से पानी निकासी संभव नहीं है एवं सड़क पर चढ़ाई भी ज्यादा है। अंडर ब्रिज में हमेशा पानी भरे रहने से यह ग्रामीणों के लिये अनुपयोगी साबित होगा। ज्ञापन सौंपने वालों में सरपंच सरस्वती, सचिव, जनपद सदस्य सहित ग्रामीण गरीबदास, राजेश, कमल किशोर, रमेश आदि शामिल थे।



