Madhya Pradesh Farmers: मध्यप्रदेश के किसानों ने बदली खेती की तस्वीर, अब खेती के साथ इन व्यवसायों से कमा रहे लाखों रुपये
Farmers in Madhya Pradesh have transformed the agricultural landscape; they are now earning lakhs of rupees by engaging in other businesses alongside farming.

Madhya Pradesh Farmers: भोपाल। मध्यप्रदेश के किसान अब खेती को केवल फसल उत्पादन तक सीमित नहीं रख रहे हैं, बल्कि इससे जुड़े दूसरे व्यवसायों को भी अपनी आमदनी का मजबूत जरिया बना रहे हैं। परंपरागत खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण, उद्यानिकी, मधुमक्खी पालन और प्राकृतिक खेती जैसे क्षेत्रों में किसानों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। कृषि उद्यमिता की ओर बढ़ते इस रुझान से किसानों को अतिरिक्त आय मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार किसानों को खेती के साथ उससे जुड़े अन्य व्यवसाय अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। उनका मानना है कि किसान अपनी कृषि गतिविधियों का विस्तार करेंगे तो उनकी आर्थिक स्थिति अधिक मजबूत होगी और आय के लिए केवल एक फसल पर निर्भरता भी कम होगी। बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री को प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए कई ऐसे प्रगतिशील किसानों से मिलने का अवसर मिला, जिन्होंने अपने अनुभव और नवाचारों की जानकारी साझा की। इन किसानों ने बताया कि सरकारी योजनाओं, विभागीय मार्गदर्शन और अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया है।
टीकमगढ़ में खेती के साथ कई व्यवसायों में जुटे किसान
टीकमगढ़ जिले के अनंतपुरा गांव के किसान विष्णु शर्मा सब्जियों का उत्पादन करने के साथ पॉलीहाउस का निर्माण और गौशाला का संचालन भी कर रहे हैं। इसी जिले के बालचंद अहिरवार ने प्राकृतिक खेती को अपनाया है। उनके इस प्रयास से करीब 250 किसान जुड़ चुके हैं और वे भी इस पद्धति से खेती करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
किसान जगदीश अहिरवार लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में फूलों की खेती के साथ स्ट्रॉबेरी, तरबूज, नींबू और अमरूद का उत्पादन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में यह कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। उनके इस व्यवसाय से करीब दो दर्जन लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। इसके अलावा वे 15 गायों का पालन कर दुग्ध उत्पादन से भी आमदनी प्राप्त कर रहे हैं।
इसी तरह किसान रमेश यादव वर्ष 2005 से बीज उत्पादन के व्यवसाय में सक्रिय हैं। वे अब लगभग 3 लाख क्विंटल बीज उत्पादन करने की क्षमता विकसित कर चुके हैं। वहीं श्रीमती सुनीता बुंदेला ने मधुमक्खी पालन को अपनी आजीविका का माध्यम बनाया है। वर्तमान में उनके 5 केंद्र संचालित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि मधुमक्खी पालन में मेहनत अधिक करनी पड़ती है, लेकिन इससे आर्थिक लाभ भी अच्छा मिलता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन किसानों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
सतना और देवास में आधुनिक खेती के साथ दुग्ध व्यवसाय
सतना जिले के सोहावल गांव के किसान शांतिनारायण पांडे ने मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की है और उसका सफलतापूर्वक संचालन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आह्वान से प्रेरित होकर उन्होंने खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध व्यवसाय को भी अपनाया। इसी जिले के झरी मझगांव गांव के किसान अनिल उपाध्याय जैविक खेती के क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं।
देवास जिले के देवास विकासखंड अंतर्गत छोटी चुरलाय गांव के किसान धर्मेन्द्र सिंह राजपूत प्राकृतिक और आधुनिक कृषि पद्धतियों को मिलाकर मॉडल फार्मिंग कर रहे हैं। इस तरीके से उन्हें अच्छी आमदनी प्राप्त हो रही है। कनोरिया गांव की श्रीमती पवित्रा नागर ने भी प्राकृतिक खेती को अपनाकर अपनी कृषि गतिविधियों में बदलाव किया है।
सोनकच्छ क्षेत्र के अरनिया कला गांव के किसान नारायण सिंह सेंधव ने शेडनेट और पॉलीहाउस के माध्यम से उद्यानिकी फसलों के उत्पादन और प्रबंधन में विशेष दक्षता हासिल की है। वे आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर खेती को अधिक व्यवस्थित और लाभकारी बना रहे हैं।
कटनी में नरवाई प्रबंधन और खाद्य प्रसंस्करण से बढ़ा मुनाफा
कटनी और बहोरीबंद क्षेत्र के किसान गोविंद पटेल ने बताया कि नरवाई प्रबंधन के लिए किसान अब आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर रहे हैं। हैप्पी सीडर और सुपर सीडर के माध्यम से खेतों में नरवाई का बेहतर प्रबंधन किया जा रहा है। शासन की ओर से भी इस काम में किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। आवेदन करने पर 1 लाख 90 हजार रुपये तक के नए कृषि यंत्रों पर 90 हजार रुपये की सब्सिडी का प्रावधान है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर जिले में ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां किसानों को जरूरत के अनुसार कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की योजना पर काम किया जा रहा है।
कटनी के किसान अंकित नवानी ने केंद्र सरकार की पीएमएफएमई योजना का लाभ लेकर काजू प्रसंस्करण का व्यवसाय शुरू किया है। उन्हें इसके लिए 10 लाख रुपये की सब्सिडी मिली। इस सहायता से उन्होंने अपना काम आगे बढ़ाया और अब ग्रेडिंग, कटिंग तथा बिक्री के क्षेत्र में भी विस्तार कर रहे हैं। इससे उन्हें अच्छा मुनाफा मिलने लगा है।
वहीं उन्नतशील किसान रामरूप पटेल के पास 8 एकड़ कृषि भूमि है। वे इस जमीन पर अलग-अलग फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। एक-एक एकड़ में मिर्च और बैंगन की खेती के साथ धान, गेहूं तथा बागवानी फसलों का उत्पादन भी करते हैं। इस तरह वे सीमित कृषि भूमि का अलग-अलग फसलों के लिए उपयोग कर आमदनी बढ़ा रहे हैं।
बालाघाट में मत्स्य पालन, मशरूम और ड्रोन से रोजगार
बालाघाट जिले के पांडेवाड़ा गांव के किसान वेदराम राहंगडाले ने मत्स्य पालन को व्यवसाय के रूप में विकसित किया है। उनके इस काम से 30 लोगों को रोजगार मिल रहा है। लांजी तहसील के अमेड़ा गांव के किसान मुकेश नेवारे धान उत्पादन के साथ सब्जियों की खेती, मत्स्य पालन और उद्यानिकी का काम भी कर रहे हैं। उन्होंने अब मशरूम उत्पादन की शुरुआत भी कर दी है, जिससे आय के नए रास्ते खुल रहे हैं।
कोहकाडीबर गांव की सुश्री मंजू नगपुरे आत्मा परियोजना और आजीविका मिशन से जुड़कर ड्रोन दीदी के रूप में काम कर रही हैं। इस गतिविधि से उन्हें सवा लाख रुपये की आय हो रही है। वहीं बगड़मारा गांव के किसान जियालाल राहंगडाले प्राकृतिक खेती के माध्यम से कृषि कार्य कर रहे हैं। वे खेती में नए तरीकों और तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
इसी जिले के गुदमा गांव के किसान गुलाब चौधरी के पास 30 एकड़ कृषि भूमि है। वे अपने खेत में गेहूं की फसल लगाते हैं और इससे 425 क्विंटल उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं। उनका यह उत्पादन कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रबंधन और मेहनत का उदाहरण है।
रतलाम के किसान विदेशों तक पहुंचा रहे अपने कृषि उत्पाद
रतलाम जिले के किसान दिलीप पाटीदार ने पीएमएफएमई योजना की मदद से घी निर्माण का व्यवसाय शुरू किया। वे पारंपरिक बिलोना पद्धति से घी तैयार करते हैं। उनके उत्पाद की गुणवत्ता और स्वाद के कारण मांग बढ़ रही है। अब वे अपने घी का निर्यात यूएस और श्रीलंका तक कर रहे हैं। इस तरह स्थानीय स्तर पर शुरू किया गया उनका व्यवसाय अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच गया है।
इसी जिले के किसान कन्हैयालाल पाटीदार कम शुगर वाली वीएनआर पिंक और रेड डायमंड किस्म के अमरूद का उत्पादन कर रहे हैं। उनके खेतों में तैयार अमरूद दिल्ली, मुंबई और असम तक भेजे जा रहे हैं। वहीं रेखा व्यास जैविक उर्वरक को लेकर रिसर्च सेंटर का संचालन कर रही हैं। उनका कहना है कि भविष्य में जैविक उर्वरकों की उपयोगिता और मांग बढ़ेगी। इसलिए इस क्षेत्र में लगातार शोध और नए प्रयोग किए जाने की जरूरत है।
- यह भी पढ़ें : Betul Jansunwai: बैतूल जनसुनवाई: ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग में देरी पर कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए नोटिस जारी करने के निर्देश
छतरपुर में लघु धान्य फसलों की प्रोसेसिंग से बढ़ रहा मूल्य
छतरपुर जिले के प्रगतिशील किसान सलीम खान जैविक और प्राकृतिक खेती के साथ औषधीय फसलों का उत्पादन भी कर रहे हैं। समैया गांव की श्रीमती हब्बी बाई कोदो, कुटकी, रागी, बाजरा, ज्वार सहित अन्य मोटे अनाज वाली फसलों की खेती करती हैं। वे इन फसलों का उत्पादन करने के बाद उनकी प्रोसेसिंग और मूल्य संवर्धन करती हैं तथा तैयार उत्पाद बाजार में बेचती हैं। इससे उन्हें उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
हटाना गांव के किसान अनिल यादव ने कस्टम हायरिंग केंद्र स्थापित किया है। इस केंद्र में एक ट्रैक्टर के साथ 6 प्रमुख कृषि यंत्र उपलब्ध हैं। इन यंत्रों के माध्यम से आसपास के किसानों को खेती के काम में सुविधा मिल रही है। अनिल यादव ने बताया कि इस व्यवसाय से उन्हें सालाना लगभग 5.50 लाख रुपये का मुनाफा हुआ है। कृषि यंत्रों को किराये पर उपलब्ध कराने का यह मॉडल किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है।
- यह भी पढ़ें : Betul Accident News: दर्दनाक हादसा: बैतूल के ग्राम पूंजी में बाइक और मकान की टक्कर में दो युवकों ने गंवाई जान
विदिशा की ड्रोन दीदी ने 1100 से अधिक खेतों में किया स्प्रे
विदिशा की ड्रोन दीदी प्रभा वर्मा ने बताया कि सरकार ने महिलाओं को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। अब वे किसानों के खेतों में ड्रोन के माध्यम से दवाओं और अन्य कृषि उत्पादों का छिड़काव कर रही हैं। प्रभा वर्मा अब तक खेतों में 1100 से अधिक स्प्रे कर चुकी हैं। इसके लिए वे प्रति स्प्रे 300 रुपये सर्विस चार्ज के रूप में लेती हैं।
ड्रोन संचालन से उन्हें 3 लाख रुपये से अधिक की कमाई हो चुकी है और वे लखपति दीदी बन गई हैं। उन्होंने बताया कि इस काम से महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता का नया अवसर मिला है। बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रभा वर्मा सहित अन्य प्रगतिशील किसानों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए अपने हौसले मजबूत रखने चाहिए। सरकार हर कदम पर सहयोग देने के लिए तैयार है।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों के इन किसानों के अनुभव बता रहे हैं कि अब खेती का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। किसान फसल उत्पादन के साथ प्रसंस्करण, विपणन, पशुपालन और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कृषि को उद्यम का रूप दे रहे हैं। इससे न केवल उनकी आमदनी बढ़ रही है, बल्कि दूसरे लोगों को भी रोजगार मिल रहा है। कृषि उद्यमिता की यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें

