Betul farmers award: बैतूल के आदिवासी अंचल के किसानों को दिल्ली में मिला बड़ा सम्मान, गड़मल की खेती पर 10 लाख का पुरुस्कार
Betul farmers' award: Farmers from the tribal region of Betul receive a major honor in Delhi; a ₹10 lakh prize awarded for the cultivation of 'Gadmal'.

Betul farmers award: बैतूल। जिले के आदिवासी अंचल दामजीपुरा के किसानों ने अपनी मेहनत और पारंपरिक खेती के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर बैतूल का नाम रोशन किया है। क्षेत्र की पारंपरिक फसल गड़मल की खेती को संरक्षित रखने और इसे नई पहचान दिलाने वाले चार किसानों को दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इसके साथ ही गड़मल की खेती के संरक्षण, विस्तार और प्रचार-प्रसार के लिए किसानों को सामूहिक रूप से 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।
यह उपलब्धि दामजीपुरा क्षेत्र के किसानों के वर्षों के संघर्ष और मेहनत का परिणाम है। बटकी, गोबरबेल, दुलारिया, जोगली, टीटवी एवं पालंगा सहित आसपास के गांवों में किसान लंबे समय से गड़मल की खेती करते आ रहे हैं। हालांकि, पीला मोजेक रोग के प्रकोप के कारण धीरे-धीरे इस फसल का रकबा घटने लगा था और कई किसानों ने इसकी खेती बंद कर दी थी। इसके बावजूद कुछ किसानों ने अपनी पारंपरिक फसल को जीवित रखने का प्रयास जारी रखा।
किसानों के इसी प्रयास को कृषि विज्ञान केंद्र बैतूल के वैज्ञानिकों का सहयोग मिला। वैज्ञानिकों ने गड़मल के बीजों का परीक्षण किया और फसल में होने वाली बीमारी की पहचान कर इसके संरक्षण एवं उन्नत खेती की दिशा में काम किया। किसानों के पारंपरिक ज्ञान और वैज्ञानिक मार्गदर्शन के समन्वय से गड़मल की खेती को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।
- यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी, 13 नवंबर को शिवपुरी से जारी होगी 42वीं किस्त, जानिए किसे मिलेगा लाभ
दिल्ली में सम्मानित होने वाले किसानों में अनिल उइके, श्यामलाल मर्सकोले, अशोक इवने एवं इमरती बाई उइके शामिल हैं। इनके साथ कृषि विज्ञान केंद्र बैतूल के पूर्व प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. विजय कुमार वर्मा एवं कृषि विज्ञान केंद्र बैतूल के प्रमुख डॉ. सुरेंद्र तिवारी भी इस उपलब्धि के साक्षी बने। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की ओर से दी गई 10 लाख रुपये की सामूहिक प्रोत्साहन राशि का उद्देश्य क्षेत्र में गड़मल की खेती को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ना है।
- यह भी पढ़ें : Betul health review: बैतूल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, कलेक्टर ने दिए लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
उल्लेखनीय है कि किसानों के दिल्ली रवाना होने से पूर्व दामजीपुरा क्षेत्र के ग्रामवासियों ने उनका स्वागत एवं सम्मान कर शुभकामनाओं के साथ विदाई दी थी। अब दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। बैतूल जिले के आदिवासी अंचल दामजीपुरा क्षेत्र के किसानों की यह उपलब्धि साबित करती है कि पारंपरिक फसलों का संरक्षण केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय पहचान, कृषि विरासत और किसानों की आजीविका को मजबूत करने का माध्यम भी बन सकता है। आदिवासी अंचल के इन किसानों ने अपनी मेहनत से बैतूल को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें


