Madhya Pradesh Weather Update: प्रदेश के सात जिलों में बारिश के आसार, कई शहरों में 4 डिग्री तक बढ़ेगा पारा, बदलते मौसम ने बढ़ाई चिंता
Madhya Pradesh Weather Update: फरवरी में चौथी बार बदलेगा मौसम, छिंदवाड़ा से अनूपपुर तक हल्की बारिश के आसार, भोपाल-इंदौर में तापमान 31°C के पार

Madhya Pradesh Weather Update: मध्य प्रदेश में फरवरी का महीना इस बार मौसम के लगातार उतार-चढ़ाव के कारण चर्चा में है। महीने के अंतिम सप्ताह में एक बार फिर बारिश की संभावना जताई गई है। सोमवार को कुछ जिलों में पानी गिर सकता है, जबकि कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। बदलते मौसम ने किसानों से लेकर आम लोगों तक सभी की चिंता बढ़ा दी है।
सात जिलों में बारिश का है अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। जिन जिलों में पानी गिरने के आसार हैं उनमें छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर शामिल हैं। रविवार को अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ रहने का अनुमान है और कहीं भी वर्षा की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बीते 24 घंटे में इन जिलों में हुई बारिश
बीते एक दिन के दौरान प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भोपाल, सागर, जबलपुर, धार, इंदौर, खंडवा, रायसेन, रतलाम और उज्जैन सहित कई इलाकों में बादल छाए रहे और पानी गिरा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन की सक्रियता के कारण यह स्थिति बनी।

फरवरी में तीन बार बिगड़ चुका है मौसम
इस महीने की शुरुआत से ही प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है। फरवरी के पहले पखवाड़े में दो बार ओलावृष्टि, तेज हवा और बारिश हुई, जिससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा। इसके बाद सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे भी कराया। 18 फरवरी से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हुआ, जिसका असर 19, 20 और 21 फरवरी तक देखने को मिला। अब चौथी बार वर्षा की संभावना जताई जा रही है और 23 फरवरी को फिर से कुछ इलाकों में पानी गिर सकता है।
- यह भी पढ़ें : Bundelkhand State Demand: एमपी-यूपी के इन जिलों से नया राज्य बनाने की मांग ने पकड़ा जोर, समर्थन जुटाने जन आक्रोश रथ यात्रा शुरू
पश्चिमी विक्षोभ का कितना असर
मौसम विभाग ने पहले 22 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की जानकारी दी थी। हालांकि यह सिस्टम आगे बढ़ गया है, इसलिए प्रदेश में लगातार बारिश की संभावना कम है। फिर भी कुछ जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है। जहां कुछ जिलों में बारिश के संकेत हैं, वहीं कई शहरों में दिन का तापमान बढ़ रहा है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
रतलाम में मौसम में बड़ा अंतर
रतलाम में रविवार सुबह हल्का कोहरा रहा और ठंड का असर महसूस हुआ। बाद में धूप निकलने से तापमान बढ़ गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री था। इस तरह एक दिन में लगभग 8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
इंदौर में हो रहा गर्मी का एहसास
इंदौर में सुबह हल्की ठंड के बाद दिन में तेज धूप रही। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। रात में तापमान घटकर 13 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार सुबह भी हल्की ठंड रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ने लगी।
भोपाल और उज्जैन में साफ आसमान
राजधानी भोपाल में सुबह से आसमान साफ है। सुबह 9 बजे तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और दक्षिण-पूर्वी दिशा से हल्की हवा चली। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहने का अनुमान है। उज्जैन में भी मौसम साफ है। सुबह तापमान करीब 17 डिग्री रहा और दिन में पारा 30 से 31 डिग्री तक पहुंच सकता है।
खजुराहो में बादल छाने के बाद निकली धुप
ग्वालियर में रविवार सुबह तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम सामान्य रहा। खजुराहो में हल्के बादलों के बाद धूप निकली। यहां तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया और फिलहाल इसमें खास बदलाव नहीं है। कुल मिलाकर प्रदेश में फरवरी का महीना मौसम के लिहाज से असामान्य रहा है। कहीं बारिश तो कहीं बढ़ती गर्मी ने लोगों को हैरान कर दिया है। आने वाले दिनों में भी मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



