मध्यप्रदेश अपडेट

MP Rain Alert Today: मध्यप्रदेश में बिदाई से पहले मानसून का जोर, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

MP Rain Alert Today: मध्यप्रदेश में मौसम इन दिनों काफी बदलाव नजर आ रहा है। कहीं तेज धूप और उमस की स्थिति बनी हुई है तो कहीं बादल जमकर बरस रहे हैं। गुरुवार को भी बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम और बैतूल सहित कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

ऐसा लग रहा है कि अपनी बिदाई से पहले मानसून प्रदेश को पूरी तरह से तरबतर कर देना चाहता है। यही कारण है कि जिन जिलों में पहले कम बारिश हुई थी, वहां इन दिनों जमकर बारिश हो रही है। गुरुवार को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। इससे पहले बुधवार को भी बैतूल सहित कई जिलों में जमकर बारिश हुई।

आज इन जिलों में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गुरुवार को बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम और बैतूल सहित कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। विभाग ने यह भी बताया कि कई जगहों पर बिजली गिरने का खतरा भी है।

MP Rain Alert Today: मध्यप्रदेश में बिदाई से पहले मानसून का जोर, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

बिदाई से पहले करेगा तेज बारिश

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून की विदाई से पहले प्रदेश एक और तेज बारिश के दौर से गुजर सकता है। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि बुधवार को प्रदेश के पास दो चक्रवाती परिसंचरण और एक ट्रफ लाइन सक्रिय रही। इस कारण कुछ जिलों में बारिश का माहौल बना।

तीन दिनों तक लगातार बारिश के आसार

वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले तीन दिन तक लोकल सिस्टम की वजह से लगातार बारिश हो सकती है। पिछले एक हफ्ते से इसी तरह का मौसम बना हुआ है। लोकल सिस्टम सक्रिय होने पर अचानक तेज बारिश का दौर शुरू हो जाता है, जिससे कई बार लोग और किसान अचंभित रह जाते हैं।

MP Rain Alert Today: मध्यप्रदेश में बिदाई से पहले मानसून का जोर, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल और ग्वालियर समेत कई जिलों में झमाझम

बुधवार को भोपाल, ग्वालियर और प्रदेश के 13 जिलों में बारिश दर्ज की गई। रीवा और सतना में सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज हुई जहां पौने दो इंच तक पानी गिरा। टीकमगढ़ में सवा इंच, सतना में लगभग पौन इंच और छिंदवाड़ा में आधा इंच से अधिक बारिश हुई। भोपाल, ग्वालियर, पचमढ़ी, खजुराहो, नौगांव, सीधी, नर्मदापुरम, शाजापुर, पांढुर्णा और डिंडौरी समेत अन्य जिलों में भी अच्छी खासी वर्षा दर्ज की गई। इन इलाकों में हुई बारिश से जहां किसानों की फसल को फायदा होगा वहीं तापमान में भी गिरावट आई है।

बैतूल में जाते-जाते हो रहा कोटा पूरा

बैतूल जिले की औसत वर्षा 1083.9 मिमी है तथा जिले में अभी तक 925.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 960.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिले में 18 सितंबर 2025 को प्रात: 8 बजे समाप्त 24 घंटों के दौरान 27.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।

मुलताई में सबसे ज्यादा हुई बरसात

अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि 18 सितंबर 2025 को प्रात: 8 बजे तक तहसील बैतूल में 3.2, घोड़ाडोंगरी में 0.0, चिचोली में 7.0, शाहपुर में 0.0, मुलताई में 90.2, प्रभात पट्टन में 39.4, आमला में 5.0, भैंसदेही में 65.0, आठनेर में 53.2. तथा भीमपुर में 12.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।

30 से शुरू हो सकती है मानसून की वापसी

मौसम विभाग का कहना है कि मध्यप्रदेश में मानसून की वापसी 30 सितंबर से शुरू हो सकती है। हालांकि देश के अन्य हिस्सों में मानसून वापसी की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। आधे राजस्थान से मानसून लौट चुका है, वहीं गुजरात, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों से भी मानसून विदा हो चुका है। विभाग का अनुमान है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह तक प्रदेश से भी मानसून धीरे-धीरे विदाई लेने लगेगा।

अब तक सामान्य से ज्यादा हुई बारिश

इस बार मानसून ने प्रदेश में अपेक्षा से अधिक बारिश दी है। मौसम विभाग के अनुसार अब तक प्रदेश में औसतन 42.7 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि सामान्य स्थिति में यह आंकड़ा 35.6 इंच होना चाहिए था। इस लिहाज से प्रदेश में अब तक 7.1 इंच अतिरिक्त पानी गिर चुका है। सामान्यत: मध्यप्रदेश की औसत बारिश 37 इंच मानी जाती है, जो पिछले सप्ताह ही पूरी हो गई थी।

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button