stress relief workshop : बैतूल में हुई अनूठी पहल, तनाव से मुक्ति के लिए सरकारी कर्मचारियों को कराया ध्यान, हार्टफुलनेस संस्था का प्रयास
• उत्तम मालवीय, बैतूल
सरकारी कर्मचारी (Government employee) अपने कार्यों को लेकर कई बार बहुत तनाव में आ जाते हैं। कहीं-कहीं वर्कलोड (workload) के कारण उनका तनाव बढ़ता है। ऐसे में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। तनाव मुक्ति (stress relief) के लिए बैतूल में एक अनूठी पहल हुई। हार्टफुलनेस (heartfulness) नाम की संस्था ने जनजातीय कार्य विभाग के साथ मिलकर 3 दिवसीय ध्यान (Meditation) के द्वारा तनाव मुक्ति की कार्यशाला का आयोजन किया।
इसमें पंचायतकर्मी और पुलिस विभाग के अलावा अन्य कर्मचारियों में ज्यादा तनाव देखा गया। इस कार्यशाला में 11 विभागों के लगभग ढाई हजार कर्मचारियों ने तनाव से मुक्त होने के लिए ध्यान किया। कार्यशाला को लेकर हार्टफुलनेस ग्रुप के सीईओ गजेंद्र गौतम ने बताया कि संस्था ने बैतूल के कई विभागों से संपर्क कर यहां पर कार्यशाला का आयोजन किया। जिसमें डीआईजी रूचिवर्धन मिश्रा, प्रोफेसर के. वाधवा, डॉ. आनंद मालवीय, रोहित बघेल और राजेंद्र सिंह परिहार के सहयोग से कार्यशाला का आयोजन किया गया।
श्री गौतम का कहना है कि कोरोना के बाद ऐसी परिस्थिति निर्मित हुई कि लोगों में तनाव, घबराहट, डिप्रेशन, बैचेनी देखने को मिली। हर तीसरा व्यक्ति इन समस्याओं से पीड़ित मिला। इसको लेकर संस्था ने अभियान के रूप में अधिक से अधिक लोगों का जीवन बेहतर बनाने में मदद करने के उद्देश्य से कार्य शुरू किया। बैतूल जिले में नि:शुल्क रूप से यह कार्य शुरू किया गया।
- यह भी पढ़ें…Valley Bridge in Sukhtawa : युद्धस्तर पर चल रहा सुखतवा के वैली ब्रिज का काम, बुधवार तक चालू होने की संभावना
कार्यशाला के दौरान शामिल हुए कर्मचारियों से चर्चा में यह सामने आया कि वर्कलोड या अन्य कार्यों को लेकर वे बहुत टेंशन में आ जाते हैं। कर्मचारियों के अलावा स्कूल और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को भी ध्यान कराया गया। उनकी संस्था ने तनाव प्रबंधन को लेकर गर्ल्स कॉलेज से एमओयू (MOU) साइन किया है।
- यह भी पढ़ें… बधाई के बैनर पर लगी नपा अध्यक्ष और दो पार्षदों की फोटो पर पोती कालिख, नगरवासियों में आक्रोश, थाने में प्रदर्शन
संस्था ने जिला पंचायत के अधीन कार्य करने वाले 10 विकासखंड के 1100 कर्मचारियों, जनजातीय कार्य विभाग के 200 शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर और स्टाफ के 60 कर्मचारियों, सीएमएचओ कार्यालय के 35 कर्मचारियों, 600 स्वास्थ्य कर्मचारी, गर्ल्स कॉलेज की 120 छात्राओं, रेलवे के 140 कर्मचारियों, शासकीय स्कूल भैंसदेही के 100 छात्रों, आरडी कोचिंग के 150 छात्रों, पुलिस विभाग के 100 से अधिक आरक्षक और एमपीईबी के 150 से अधिक कर्मचारियों के लिए ध्यान का कार्य आयोजित किया गया।



