बड़ी खबरें

Big News Betul: बैतूल में कोयला खदान में बड़ा हादसा; असिस्टेंट मैनेजर, माइनिंग सरदार और ओवरमैन की मृत्यु

विनोद पातरिया, घोड़ाडोंगरी (बैतूल) (Big News Betul)। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के पाथाखेड़ा में स्थित डब्ल्यूसीएल की छतरपुर 1 कोयला खदान में गुरुवार दोपहर में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां खदान का रूफ गिरने से खदान में कार्यरत असिस्टेंट मैनेजर, माइनिंग सरदार और ओवरमैन की मृत्यु हो गई। घटना के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में अन्य कामगारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक, कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंच गए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि यह हादसा छतरपुर वन खदान के सीएम सेक्शन में दोपहर करीब 3 बजे हुआ है। इसकी सूचना देरी से माइन रेस्क्यू टीम को दी गई। हालांकि सूचना मिलते ही रेस्क्यू और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंच गई। घटना खदान के मुहाने से करीब 3.5 किलोमीटर की दूरी पर कंटीन्यूअस माइनर सेक्शन में हुई।

खदान में गिरा दस मीटर का रूफ

यहां करीब 10 मीटर का रूफ गिरा है। यह सेक्शन जॉय माइनिंग सर्विस का है। यह मशीन ऑस्ट्रेलिया की है। जबकि कंपनी कोलकाता की बताई जा रही है। कोयला खदान दुर्घटना की सूचना मिलते ही यूनियन नेता और पुलिस खदान व अस्पताल की ओर दौड़ पड़े थे।

कलेक्टर के निर्देश पर रेस्क्यू ऑपरेशन

छतरपुर खदान में हुई घटना की जानकारी प्राप्त होने पर विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया घटना स्थल पर पहुंचे। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी के निर्देशानुसार त्वरित रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। जिसमें खदान कार्यरत लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला पाया गया।

यहाँ देखें घटनास्थल हादसे के बाद चलाये गए रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो…

तीन अधिकारियों-कर्मचारियों की मृत्यु

प्राप्त जानकारी के अनुसार खदान धंसने की घटना में तीन लोग गोविंद कोसरिया पद असिस्टेंट मैनेजर उम्र-37 वर्ष, रामप्रसाद चौहान पद माइनिंग सरदार उम्र 46 वर्ष और रामदेव पंडोले पद ओवरमैन उम्र 49 वर्ष की मृत्यु हुई है।

विधायक ने जीएम को दिए यह निर्देश

विधायक डॉ. पंडाग्रे और कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जीएम वेस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड को लाइफ कवर स्कीम डेढ़ लाख की सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही एक्स ग्रेसिया, ग्रेच्युटी, कंपनसेशन और पीएफ, लाइफ इनकेशमेंट की राशि भी यथा शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button