भीषण हादसा : बाइक सहित पटरी पार कर रहा था युवक, उसी बीच धड़धड़ाते हुए आ गई ट्रेन, मोटर साइकिल की उड़ गई धज्जियाँ

▪️ नवील वर्मा, शाहपुर
bike hit by train : बैतूल जिले के शाहपुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। यहां रेलवे अंडरब्रिज में पानी भरा होने से युवक पटरी पार कर रहा था। उसी बीच दक्षिण एक्सप्रेस (Dakshin Express) धड़धड़ाते हुए आ गई। इससे बाइक ले जा रहा युवक बाइक छोड़कर भागा और अपनी जान बचाई। हालांकि उसकी बाइक की पूरी तरह से धज्जियां उड़ गई है। उसका पूरा कचूमर निकल गया है। इस हादसे में ट्रेन भी किसी बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंडी रेलवे गेट बंद करके अंडरब्रिज बनाया गया है। इसमें बारिश होते ही पानी भर जाता है। इसके चलते वहां से निकल पाना संभव नहीं है। यही कारण है कि लोगों को खतरे से खेलते हुए रेलवे पटरी से पार कर जाना पड़ता है। आज दोपहर 2.25 बजे भी बंद हो चुके कुंडी रेलवे गेट से एक युवक पटरी से बाइक निकाल रहा था। इसी बीच हैदराबाद से निजामुद्दीन की ओर जा रही दक्षिण एक्सप्रेस वहां धड़धड़ाते हुए आ गई। देखें वीडियो…
युवक ने जैसे ही ट्रेन को देखा तो वह बाइक छोड़ कर भाग गया। इससे उसकी जान बच गई। बाइक पटरी पर ही होने से वह इंजन की चपेट में आ गई। इससे बाइक की पूरी तरह से धज्जियां उड़ गई। बाइक के नाम पर केवल इंजन का कुछ हिस्सा भर बचा है। तहस-नहस हुई यह बाइक इंजन में भी फंस गई। इसके चलते ट्रेन को मौके पर ही रोकना पड़ा। सूचना मिलने पर तत्काल ही आरपीएफ भी मौके पर पहुंची और फंसी बाइक को निकाला। शुक्र था कि ट्रेन में कोई बड़ी खामी नहीं आई।

बताया जाता है कि इस हादसे के चलते काफी देर तक ट्रेन खड़ी रही। बाइक और उसके अन्य पुर्जों को पूरी तरह निकालने के बाद ट्रेन व इंजन को चेक किया गया। सभी पूरी तरह ठीक पाए जाने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। ग्रामीणों के अनुसार कुंडी अंडरब्रिज के कारण वे खासे परेशान हो चुके हैं। इसके चलते कई बार रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का निदान नहीं हुआ। आज उक्त युवक बाइक छोड़ कर नहीं भागता तो उसकी जान चली जाती।



