OMG : इस खोखली पुलिया से गुजरते हैं दिन भर वाहन, हो सकता है कभी भी बड़ा हादसा
◼️ उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले में आज भी कई पुलियाएं ऐसी हैं जो कि कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। खास बात यह है कि लंबे समय से बदहाल रहने और सबको साफ-साफ नजर आने के बावजूद कोई सुधार नहीं किया जा रहा है। संबंधित विभाग ने तो इस ओर से इस तरह आंखें फेर ली है मानो उसे कोई लेना देना ही नहीं। भीमपुर ब्लॉक में स्थित इसी तरह की एक पुलिया का मामला जयस भीमपुर और समस्त आदिवासी समाज संगठन आदर्श पिपरिया ईकाई ने सामने लाया है।
संगठन के पदाधिकारियों ने जनपद पंचायत सीईओ भीमपुर कंचना वास्कले से की शिकायत में बताया है कि भीमपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत आदर्श पिपरिया में पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण हादसे होने की संभावना हमेशा रहती है। चित्र में साफ नजर आ रहा है कि पुलिया का बेस पूरी तरह गायब हो चुका है। ऐसे में वह खोखली हो चुकी है। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा इस पुलिया से आवाजाही में हो सकता है। लंबे समय से यह स्थिति बनी है।

संगठन के सुभाष उइके एवं योगेश उइके के द्वारा बताया गया कि यहां पर दुर्घटना होने की हमेशा संभावना रहती है। इसलिए हमने सीईओ से निवेदन किया है कि तत्काल इस पुलिया की मरम्मत करवाएं। ताकि इससे सुचारू रूप से आवागमन चालू रह सके। इस अवसर पर जनपद सदस्य शंभू दयाल धुर्वे, पप्पू काकोड़िया, योगेश्वर उइके, दिलीप कवड़े, सुभाष उइके, सरवन उइके, चैतराम उइके, मनोज आहके, सनोज आहके, गोलू उइके आदि उपस्थित रहे।
संगठन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपने के बाद बताया कि यह पुलिया जनपद पंचायत के अधीन नहीं आती है। यह प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क प्राधिकरण के तहत आती है। इसलिए मरम्मत भी उन्हीं के द्वारा की जाएगी। हम इस संबंध में कलेक्टर साहब को पत्र के माध्यम से अवगत करा देंगे। जिससे समस्या की जानकारी संबंधित विभाग तक पहुंच जाएगी और समस्या का हल हो जाएगा।



