बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

दो मौतें : लाठी से पीटकर युवक की हत्या, एसपी पहुंचीं मौके पर; सड़क हादसे में मौत, इधर रंजिश पर कार में लगाई आग

◾ उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले के आमला थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों के संदेह पर एक युवक की लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर एसपी सिमाला प्रसाद ने मौका मुआयना कर आवश्यक निर्देश दिए। आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इधर बैतूल में रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक कार में आग लगा दी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आमला थाना क्षेत्र के भीलावाड़ी में सुखदेव गुरूजी के खेत पर बनी झोपड़ी में बीती रात काजी जामठी निवासी मनोहर मर्सकोले (40) की लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर एसडीओपी मुलताई पल्लवी गौर और टीआई संतोष पंद्रे ने मौका मुआयना किया। दोपहर में एसपी सिमाला प्रसाद भी मौके पर पहुंची और मुआयना किया।

टीआई संतोष पंद्रे ने बताया कि सुखलाल धुर्वे द्वारा हत्या की गई है। बताया जाता है कि उसे संदेह था कि मृतक मनोहर और उसकी पत्नी के बीच अवैध संबंध है। इसी के चलते उसने यह कदम उठाया। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इधर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शादी में आया था हिमाचल से, हादसे में मौत

बैतूल-नागपुर नेशनल हाईवे पर मिलानपुर टोल प्लाजा के पास मंगलवार रात में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक शादी में शामिल होने हिमाचल प्रदेश से आया था।

परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंकज पिता प्रभु देशमुख (24) निवासी देहगुड़ विगत 4 सालों से हिमाचल प्रदेश में टायर प्लांट में नौकरी कर रहा था। वह छुट्टी लेकर शादी में शामिल होने के लिए घर आया था। कल रात में बैतूल शादी में आ रहा था। तभी मिलानपुर के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

उसे गंभीर हालत में बैतूल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान पंकज की मौत हो गई। आज सुबह पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

घर के सामने खड़ी कार में लगाई आग

इधर बैतूल शहर के विवेकानंद वार्ड में आपसी रंजिश के कारण कुछ युवकों ने बाहर खड़ी एक कार में आधी रात को आग लगा दी। लपटें उठती देख लोगों ने आग पर काबू पाया। गंज पुलिस थाना में मामले की शिकायत की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गोयल फैक्ट्री के पास रहने वाले ऐश्वर्य बाथरी की कार घर के सामने खाली जगह में खड़ी थी। सोमवार-मंगलवार की रात में कार में आग लगी नजर आई। पड़ोसियों ने इसकी जानकारी दी। तब तक कार का काफी हिस्सा जल गया था। लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। यदि आग पर काबू नहीं पाते तो पास में ही खड़े चौपहिया और दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो जाते।

इसके बाद एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे तो 3 लोग कार में आग लगाते दिख नजर आए। इस पर ऐश्वर्य ने अपने परिजनों के साथ गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 435 का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button