मोमबत्ती के उजाले में चल रही थी जुआ फड़, पुलिस ने आधी रात 5 किमी पैदल चलकर मारी दबिश, आधा दर्जन जुआरी धराएं

▪️सचिन शुक्ला, शाहपुर।
शाहपुर पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रात लगभग 1.30 बजे और 2.15 बजे दो स्थानों पर चल रही जुआफड़ पर दबिश दी और लगभग आधा दर्जन जुआरियों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके पास से हजारों रूपए नगदी भी बरामद की है। पुलिस को जुआ फड़ पर पहुंचने के लिए लगभग 5 किमी पैदल चलना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार बीते लंबे समय से शाहपुर पुलिस को थाना क्षेत्र के ग्रामों में जुआ खिलाए जाने की सूचना मुखबीर से मिल रही थी, लेकिन जब पुलिस दबिश देती थी तो फरार हो जाते थे।
- यह भी पढ़े: रायआमला के सहकारी बैंक में चोरी का एक और आरोपी गिरफ्तार, इधर साईंखेड़ा पुलिस करेगी रात में पेट्रोलिंग
मोमबत्ती के उजाले में चल रही थी जुआ फड़
थाना प्रभारी एसएन मुकाती ने बताया कि मंगलवार की रात पुलिस ने छितरी बडग़ांव से लगभग 5 किलोमीटर दूर पैदल चलकर रात करीब 1.30 छोटू धुर्वे नामक व्यक्ति की जुआ फड़ पर दबिश दी। यहां पर जालंधर भारतवार, राकेश हनोते निवासी ग्राम माली सिलपटी एवं धीमू इवने निवासी ग्राम छितरीबड़ को पकड़ा। पुलिस ने इनके पास से 4650 रूपए और ताश के पत्ते बरादम किए है।
इसके बाद लगभग रात 2.15 बजे दूसरी फड़ से जुआ खेलते हुए संजय धाकरे, संजय हनोते निवासी माली सिलपटी और ईश्वर बड़ौदे निवासी मोखामाल को पकड़ा। इनके पास से पुलिस ने 3 हजार नगदी और ताश के पत्ते बरामद किए। ये लोग मोमबत्ती के उजाले में जुआ खेलते रहे थे। पुलिस की धरपकड़ में कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। मुख्य आरोपीत छोटू धुर्वे भी भागने में सफल हो गया, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
- यह भी पढ़े: Bulldozer Wali Bahu: ससुराल में एंट्री के लिए बुलडोजर लेकर पहुंची बहू, दरवाजा खुलवाने के लिए कर दिया ऐसा काम
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों सहित भागने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है। उक्त कार्रवाई में आरक्षक प्रवेश, आरक्षक राजू, आरक्षक जतिराम, आरक्षक विनय, आरक्षक अनुराग सहित छुट्टन इरपाचे एवं कमल जोठे की अहम भूमिका रही।



