unreserved general ticket : आज रात से मिलने लगेंगे अनारक्षित जनरल टिकट, एमएसटी और क्यूएसटी भी बनेंगी
◼️ उत्तम मालवीय, बैतूल
unreserved general ticket : रेलयात्रियों को 28 जून 2022 की रात 12 बजे के बाद से बड़ी राहत मिलने वाली है। अचानक यात्रा करने वालों को अब जनरल डिब्बे में भी सफर करने रिजर्वेशन नहीं कराना होगा। यही नहीं अपडाउनर्स (updowners) के लिए भी एमएसटी (MST) और क्यूएसटी (QST) की सुविधा आज रात से शुरू हो जाएगी। इन सभी से रेलवे की टिकट संबंधी व्यवस्था कोरोना काल के ठीक पूर्व की तरह हो जाएगी। इस संबंध में रेलवे (Indian Railway) ने आदेश जारी कर दिए हैं।
कोरोना महामारी (corona pandemic) के चलते रेलवे ने रेलगाड़ियों का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया था। इसके बाद जब महामारी का असर कम हुआ तो धीरे-धीरे ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। हालांकि इसमें कई तरह की बंदिशें जारी रही। किसी भी श्रेणी में बिना आरक्षण के सफर करना मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में संभव नहीं था। जनरल टिकट भी सीधे टिकट खिड़की से नहीं लिया जा सकता था। उसके लिए भी आरक्षण कराना होता था। इसके अलावा मंथली सीजन टिकट (एमएसटी) और क्वाटर्ली सीजन टिकट (क्यूएसटी) की सुविधा पूरी तरह से बंद थी।
कोरोना का असर जैसे-जैसे कम होता गया, रेलवे द्वारा बंदिशें भी कम की जा रही थी। अब टिकट के मामले में रेलवे ने पूरी तरह वे सभी सुविधाएं बहाल कर दी हैं जो कोरोना काल के पूर्व थीं। इसी के तहत 29 जून 2022 यानि 28 जून की रात्रि 12 बजे के बाद से सभी ट्रेनों की जनरल टिकट सीधे टिकट खिड़की (ticket window) से या आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVT) से लिए जा सकेंगे। अब जनरल में सफर के लिए भी आरक्षण कराना जरुरी नहीं।
इस संबंध में बैतूल रेलवे के परिवहन निरीक्षक अशोक कटारे ने बताया कि इसके साथ ही एमएसटी और क्यूएसटी की सुविधा भी बहाल कर दी गई है। यह सीजनल टिकट भी अब यात्रियों को 29 जून से मिलने लगेंगे। इन टिकटों की सुविधा भी रेलवे द्वारा शुरू कर दी गई है। इस संबंध में रेलवे द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कल से आरक्षित जनरल टिकट केवल 28 जून तक के लिए ही जारी किए जा रहे थे। अब कल से ट्रेनों में जनरल बोगी में आरक्षित टिकट की आवश्यक नहीं रहेगी।
इन यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रेलवे द्वारा यह सुविधा देने से यात्रियों ने बड़ी राहत महसूस की है। कई बार लोगों को अचानक यात्रा करने की जरुरत पड़ जाती थी, लेकिन तत्काल रिजर्वेशन नहीं हो पाता था। ऐसी परिस्थितियों में यात्रा के लिए केवल मेमू ट्रेन (MEMU train) ही थी, लेकिन उनका एक तय समय है। उसके अलावा अन्य समय पर उनकी सुविधा नहीं मिल पाती थी। ऐसे में जरुरी होने के बावजूद यात्रियों को यात्रा ही रद्द करना पड़ता था।
अपडाउनर्स का बचेगा अब पैसा
इसी तरह नौकरी और कारोबार के सिलसिले में अन्य शहरों से अपडाउन करने वालों को अभी तक काफी ज्यादा पैसा सफर के लिए खर्च करना पड़ रहा था। उन्हें रोज टिकट बुक कराना पड़ रहा था। वह भी अधिक राशि देकर। अब उन्हें भी सीजन टिकट मिल सकेंगे। यह बेहद रियायती पड़ते हैं। इससे उनके पैसे की काफी बचत हो सकेगी। यही कारण है कि वे लंबे समय से इस सुविधा के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।



