Betul News: मकान में लगी आग, अनाज और सामान हुआ खाक; बैतूल रोड पर एंबुलेंस हुई दुर्घटनाग्रस्त
Betul News: Fire broke out in the house, grains and goods were destroyed; Ambulance crashed on Betul Road
▪️ राकेश अग्रवाल, मुलताई
Betul News: मुलताई नगर के समीप ग्राम खरसाली में बीती रात एक मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने की सूचना मुलताई नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को दी गई। जिसके बाद फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। उधर बैतूल रोड पर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
खरसाली गांव में आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड पर तैनात फायर कर्मचारी मनोज सिंह, दीपक अहिरवार और सुमित पूरी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि रात करीब 9 बजे के लगभग ग्राम खरसाली में कारू बोडखे के मकान में आग लगने की सूचना उन्हें मिली थी। जिसके बाद में मौके पर पहुंचे। बताया गया कि आग लगने से मकान में रखा अनाज और घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं लग पाई है।
एंबुलेंस हुई दुर्घटना का शिकार
वहीं दूसरी तरफ मुलताई नगर के बैतूल रोड पर रात में ही एक एंबुलेंस दुर्घटना का शिकार हो गई। जिसके चलते एंबुलेंस का सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताया गया कि रात में बैतूल रोड पर निकली बारात के कारण मरीज को लेने के लिए जा रही एंबुलेंस एक वाहन से टकरा गई। जिसके चलते एंबुलेंस का सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि एंबुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर कोई हताहत नहीं हुआ। अन्यथा, बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि एंबुलेंस चालक घायल बताया जा रहा है।



