Betul News: आए थे शॉपिंग करने, इस बीच कार में नवविवाहित पति-पत्नी ने पी लिया जहर, राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
Betul News: Came for shopping, meanwhile the newly married husband and wife drank poison in the car, passers-by took them to the hospital

Betul News: बैतूल जिले के भैंसदेही निवासी एक नवविवाहित दंपती ने जिला मुख्यालय के बडोरा ब्रिज के पास अपनी कार में जहर पी लिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हे इलाज के लिए निजी अस्पताल भेज दिया गया है। घटना रविवार शाम की है। दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा नहीं हुआ है। दोनों की हालत स्थिर बनी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से चोपना थाना के ग्राम हीरापुर में रहने वाले कपिल पिता सुधा मधु (28) का विवाह लगभग डेढ़ साल पहले बटकीडोह निवासी रिया (20) के साथ हुआ था। कपिल भैंसदेही में फलों की दुकान चलाता है। इसके चलते कपिल एवं उसकी नवविवाहित पत्नी रिया भैंसदेही में ही रहते हैं। रविवार को कपिल एवं रिया शॉपिंग करने बैतूल आए थे।
बैतूल से भैंसदेही आने के दौरान कपिल एवं रिया ने अपनी आर्टिगा कार क्रमांक एमपी-48/सीए-1739 बडोरा में माचना ब्रिज बस स्टॉप पर खड़ी कर दी। दोनों को जिला अस्पताल लाने वाले कोठीबाजार निवासी काइद अहमद ने बताया कि आर्टिक कार काफी समय से बडोरा बस स्टॉप पर खड़ी थी। कार अंदर से लॉक थी। कार में एक युवक और एक महिला बैठी थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। कार अंदर से लॉक होने के कारण समझ नहीं आया कि किस बात पर विवाद हो रहा था। इस दौरान वहां कुछ लोग जमा हो गए इसके बावजूद उन्होंने कार का लॉक नहीं खोला।
शाम को महिला ने कार का लॉक खोला एवं उल्टी करने लगी। कार से जहरीली दवाई की बदबू आ रही थी। इस बीच महिला ने बताया कि हम दोनों पति-पत्नी हैं और हमने जहरीला पदार्थ पी लिया है। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को कार में ही बैठाया और काइद अहमद ने कार ड्राइव करते हुए दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में रिया और कपिल ने अपना नाम पता तो बताया, लेकिन जहर खाने का कारण नहीं बताया। कार से एक 250 एमएल की पाइजन की शीशी भी मिली है। अस्पताल पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस ने पति-पत्नी के मृत्यु पूर्व बयान भी करवाए हैं। जिसमें महिला ने दोनों के बीच आपसी विवाद होने की वजह बताई है। इधर निजी अस्पताल में भर्ती दंपती की हालत फिलहाल ठीक है। राठी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. नूतन राठी ने बताया कि दोनों की स्थिति स्थिर हैं। वे पहले से बेहतर हैं।



