खड़े डंपर से टकराई बाइक, चालक गंभीर, सुबह टकराई थी बोलेरो

बैतूल-इंदौर नेशनल हाइवे (Betul-Indore National Highway) पर बुधवार रात्रि में खेड़ी सांवलीगढ़ में बिजली ऑफिस के पास अपने साइड में खड़े डंपर में एक स्प्लेंडर मोटर साइकिल सीधे घुस गई। इससे मोटर साइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे पहले सुबह बैतूल-नागपुर फोरलेन पर एक ट्रक से टकराने से बोलेरो वाहन के परखच्चे उड़ गए थे। वहीं 2 लोग घायल हो गए थे।
यह भी पढ़ें… बोलेरो ने ऐसी मारी टक्कर कि ट्रैक्टर के हो गए दो टुकड़े, फोरलेन पर हादसा
खेड़ी सांवलीगढ़ से मनोहर अग्रवाल ने बताया कि बिजली ऑफिस के पास खड़े एक ट्रक से एक बाइक सवार तेज गति में टकरा गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। खेड़ी चौकी प्रभारी पवन कुमरे ने बताया कि घायल अज्ञात व्यक्ति है जो मोटर साइकिल से सीधे डंपर में घुस गया। घायल की हालत बहुत गंभीर है। उसे ऑटो से जिला अस्पताल ले जाया गया है। व्यक्ति के बेहोशी की हालत में होने से पहचान नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें… नरखेड़ हादसा: मासूम बच्ची समेत 6 लोगों की मौत, 16 घायल
इधर जिला अस्पताल पहुंचने के बाद घायल व्यक्ति की पहचान बडोरा निवासी राधेश्याम चौहान के रूप में की गई है। बताया जाता है कि उनकी चिचोली में बीज भंडार की दुकान है। वे शाम को दुकान बंद करके वापस बडोरा लौट रहे थे। इस दौरान हादसे का शिकार हो गए। उन्हें आटो एंबुलेंस चालक श्यामराव बारस्कर ने जिला अस्पताल पहुंचाया।

इससे पहले आज सुबह बैतूल-नागपुर फोरलेन नेशनल हाइवे 69 पर ट्रक और बोलेरो की जबरदस्त भिड़ंत हो गई थी। इसमें बोलेरो जीप के परखच्चे उड़ गए। बोलेरो में बैठे दो लोग घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार एक बोलेरो जीप छिंदवाड़ा से होशंगाबाद जा रही थी।
यह भी पढ़ें… भीषण हादसा: नेशनल हाइवे पर पेड़ से टकराई कार, चार की मौत, दो गंभीर
उसी दौरान सापना डैम और सोहागपुर जोड़ के पास सामने चल रहे ट्रक में वह जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक्सीडेंट इतना भयानक था कि बोलेरो जीप के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई थी। दुर्घटना के बाद टोल नाके पर खड़ी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें… एक और हादसा: ट्रक पलटा, महिला की मौत, ड्राइवर गंभीर
बोलेरो के चालक सुरेश ने बताया कि सामने चल रहा ट्रक अचानक से रुक गया था। इसकी वजह से वह अपनी बोलेरो जीप को संभाल नहीं पाया। गाड़ी में ब्रेक लगता तब तक ट्रक के पिछले हिस्से में बुलेरो जा घुसी थी। इस दुर्घटना में बोलेरो वाहन में बैठे रामेश्वर इवने (52) निवासी मालेगांव होशंगाबाद एवं सुरेश पिता मनोहरी (40) निवासी सिवनी घायल हुए हैं। इनके सिर और मुंह में चोट आई है।
यह भी पढ़ें… बड़ा हादसा: बैतूल-इंदौर हाइवे पर ट्रक में घुसी बाइक, एक की मौके पर मौत
बैतूल बाजार थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। ट्रक को बरामद कर थाने लाया गया है। दुर्घटना ग्रस्त वाहन को भी थाने लाया गया है। दोनों वाहन चालकों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।



