Ambora nadi me badh : अंबोरा नदी की पुलिया से तीन फीट से ऊपर चल रही बाढ़, मुलताई का मासोद-आठनेर से कटा संपर्क
• विजय सावरकर, मुलताई
मुलताई-मासौद- आठनेर मार्ग पर ग्राम मासौद के पास स्थित अंबोरा नदी की पुलिया के ऊपर से 3 फीट पानी बह रहा है। इससे मुलताई का मासोद-आठनेर से संपर्क कट गया है। पुलिया से आवाजाही बंद होने से वाहन चालकों को लंबा फेरा काट कर सफर करना पड़ रहा है।
गुरुवार दोपहर में मासौद, देवगांव, सावंगी सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश से अंबोरा नदी में बाढ़ आ गई है। दोपहर 2:30 बजे से अंबोरा नदी की पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगा। पुलिया पर पानी बहने से आवागमन ठप हो गया। दोपहिया और तिपहिया वाहन चालक मासोद जाने के लिए प्रभातपट्टन, तिवरखेड़, जामगांव होकर मासौद-आठनेर की ओर आना-जाना कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मार्ग पर स्थित अंबोरा नदी की पुलिया ब्रिटिश कालीन है। पुलिया की कम ऊंचाई होने से तेज मूसलाधार बारिश में पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगता है। वर्तमान में नदी पर ब्रिज का काम बीते 2 साल से चल रहा है। यह अभी पूरा नहीं हो सका है।
यह भी पढ़ें… Multai me bhari barish : मुलताई में 45 मिनट तक मूसलाधार बारिश, जनजीवन हुआ अस्त व्यस्त



